17 अक्टूबर से उड़द-मूंग की खरीदी व 13 मार्च 2023 से अरहर भी खरीदेगी बघेल सरकार


अगले महीने 17 अक्टूबर से लेकर 16 दिसंबर तक राज्य में मूंग और उड़द की खरीदी की जाएगी, जबकि अरहर की खरीदी 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 के मध्य होगी।


DeshGaon
छत्तीसगढ़ Published On :
Arhar-Urad-Moong-msp-purchase-cg

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पीएम आशा अभियान के तहत प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर उड़द, मूंग और अरहर की खरीदी को लेकर जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।

अगले महीने 17 अक्टूबर से लेकर 16 दिसंबर तक राज्य में मूंग और उड़द की खरीदी की जाएगी, जबकि अरहर की खरीदी 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 के मध्य होगी।

किसानों से मूंग और उड़द की खरीदी 6,600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा अरहर की खरीदी 7,755 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके साथ ही किसानों के हित में तथा मूंग, उड़द और अरहर की खरीदी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडी शुल्क और कृषक कल्याण शुल्क को माफ करने की घोषणा की है।

राज्य में मूंग, उड़द और अरहर की खरीदी के लिए 20 जिलों के स्टेट वेयरहाउस के गोदाम को उपार्जन एवं भंडारण केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। वेयर हाउस के ये गोदाम डब्ल्यूआरडीए से प्रमाणित हैं।

उड़द, मूंग अरहर की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए बिलाईगढ़, गरियाबंद, बसना, दुर्ग, थान-खम्हरिया, पंडरिया, राजनांदगांव, मुंगेली, मारवाही, घोड़ा सागर, कोरबा स्थित स्टेट वेयरहाउस को केंद्र बनाया गया है।

वहीं राजपुर, सूरजपुर, अंबिकापुर, बगीचा, मनेंद्रगढ़ कोंडागांव, कांकेर लोहार सिंह-2 एवं नारायणपुर स्थित स्टेट वेयरहाउस गोदाम को भी खरीदी और भंडारण केंद्र बनाया गया है।

कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को राज्य में मूंग, उड़द और अरहर की खेती करने वाले किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में शीघ्र पंजीयन कराने को कहा है।

पंजीकृत किसानों से उड़द, मूंग और अरहर का उपार्जन किया जाना है, जिसकी जानकारी एपीआई के माध्यम से नाफेड के ई-समृद्धि पोर्टल में साझा की जानी है।

उड़द, मूंग व अरहर की समर्थन मूल्य पर खरीदी के संबंध में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार को प्रेषित अपनी रिपोर्ट में कृषि उत्पादन आयुक्त ने छत्तीसगढ़ में इसके लिए की गई तैयारियों का विस्तृत ब्योरा भेजा है।

कृषि विभाग के मुताबिक खरीफ सीजन 2022-23 में प्रदेश के एक लाख 22 हजार हेक्टेयर में उड़द की खेती की गई है। मूंग की खेती 16 हजार 340 हेक्टेयर में और अरहर की खेती एक लाख 20 हजार 310 हेक्टेयर में की गई है।

राज्य में उड़द का उत्पादन 48 हजार 800 टन, मूंग का 8 हजार 980 टन तथा अरहर का 81 हजार 200 टन अनुमानित है।

अनुमान है कि इस उत्पादन में से 12 हजार 200 टन उड़द, दो हजार 250 टन मूंग और 20 हजार 320 टन अरहर को किसान सरकारी खरीदी केंद्रों पर बेचेंगे।



Related