भोपाल के शाहपुरा में एडीजी का दो मंजिला मकान गिरा, मलबे में तीन मजदूर दबे

DeshGaon
भोपाल Published On :
bhopal adg house collapsed

भोपाल/इंदौर। भोपाल के शाहपुरा इलाके में बुधवार शाम अचानक एक मकान गिर गया। इसके मलबे में तीन मजदूर दब गए। हालांकि दो लोगों को तुरंत निकाल लिया गया, जबकि एक मजदूर की मौत हो गई।

घटना की जानकारी के बाद मौके पर पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर समेत प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये मकान एडीजी राजेश चावला का है। उन्होंने हाल में ये मकान खरीदा है और इस मकान के री-कंस्ट्रक्शन का काम कराया जा रहा था।

रीवा में तेज हवा से नाव पलटी, दो तैरकर बाहर आए लेकिन तीन अब भी लापता –

रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र के गुरगुदा गांव स्थित टमश नदी में नाव पलट गई है। बताया गया कि पांच ग्रामीणों से भरी नाव तेज हवाओं के कारण पलट गई।

इसमें दो लोग तैरकर बाहर निकल आए हैं जबकि तीन युवक लापता हैं। दावा है कि टमश नदी पार कर सभी बरहौ कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे, लेकिन नदी के बीच में हादसे का शिकार हो गए।

मौके पर स्थानीय लोगों की मदद से लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।

भोपाल के फरार गैंगस्टर मुख्तार मलिक से राजस्थान के झालावाड़ में गैंगवार, एक की मौत –

भोपाल के फरार गैंगस्टर मुख्तार मलिक की गैंग से राजस्थान के झालावाड़ में गैंगवार हुई है। गैंगवार राजस्थान के बंटी गैंग के बीच हुआ है। बताया कि दोनों के बीच भीमसागर बांध के कैचमेंट एरिया में मछलियां पकड़ने को लेकर विवाद हो गया।

इसके बाद दोनों गैंग के बीच फायरिंग भी हुई। बताया जाता है कि गैंगवार में मुख्तार गैंग के एक गुर्गे की मौत भी हो गई। वहीं, मुख्तार समेत उसके राइट हैंड विक्की वाहिद को भी गोली लगी है।

हालांकि दोनों लापता हैं। बताया जा रहा है कि गैंगवार के समय जिस नाव में मुख्तार गैंग सवार थी, वह डूब गई।

राजस्थान में असनावर थाना प्रभारी हरवंत सिंह ने बताया कि भीमसागर बांध के नदी क्षेत्र में मछलियां पकड़ने का ठेका भोपाल निवासी मुख्तार मलिक ने ले रखा है।

मंगलवार देर रात मुख्तार मलिक 11 मजदूरों के साथ कांस खेड़ली के पास कम गहरे पानी में नाव से पेट्रोलिंग कर रहा था। इसी दौरान गांव के रहने वाले मछुआरों से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग होने लगी।

फायरिंग होते ही नदी के अंदर नाव पलट गई। बुधवार सुबह नदी के अंदर घटनास्थल के पास से शव पानी में उतराता मिला। शव को अस्पताल भिजवाया।

मुख्तार मलिक के साथ रात को गश्त कर रहे दो मजदूरों को तलाश किया जा रहा है। मुख्तार मलिक के खिलाफ भोपाल के कोहेफिजा थाने में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में वह फरार है।

इंदौर में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को मारी गोली –

इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र के बुधवार दोपहर को प्रॉपर्टी डीलर ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के समय परिवार के लोग दूसरे कमरे में थे। हरभजन सिंह (74) प्रॉपर्टी का काम करते थे। वे सिख मोहल्ला में रहते थे। उनके परिवार में दो बेटे और अन्य लोग है। लंबे समय से वे डिप्रेशन में चल रहे थे और शराब पीने के आदी थे।

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह का भाजपा अध्यक्ष को चिट्ठी, सीएम व सांसद प्रज्ञा को सुशासन का पाठ पढ़ाएं –

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को लेटर लिखा है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया- मैंने चिट्ठी में नड्‌डा से जाते-जाते सीएम शिवराज सिंह चौहान को सुशासन का पाठ पढ़ाकर जाने का अनुरोध किया है।

यह भी लिखा कि भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ से कहा था कि आपको पता नहीं कि आप क्या हो, तो अपनी मां से पूछ लेते कि आप हिन्दू हो या क्या हो?

उनके इस बयान पर पर नड्‌डाजी से सवाल किया कि क्या भाजपा की संस्कृति इस प्रकार की है? भाजपा का सुशासन यही है क्या? इनसे जुड़े आरएसएस, श्रीराम सेना के कार्यकर्ता सिवनी में आदिवासी को रात में घर से बाहर निकालकर मारते हैं।

जयश्री गायत्री फूड्स फैक्टरी के ऑफिस में आयकर विभाग का छापा –

सीहोर में जयश्री गायत्री फूड फैक्टरी के मालिक के घर आयकर विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची। मकान पर ताला लगा है। फैक्टरी के भोपाल और इंदौर ऑफिस समेत दो फैक्टरी वर्कर्स के आवास पर भी टीम पहुंची है।

नर्मदापुरम में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, इनमें 5 गंभीर –

नर्मदापुरम में इटारसी के पास मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। 10 से ज्यादा मजदूरों के घायल होने की खबर है, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। 20 से ज्यादा आदिवासी मजदूर मजदूरी के लिए जा रहे थे।



Related