बैतूलः लगातार बारिश से माचना नदी अपने उफान पर, बैतूल-भोपाल मार्ग रात से बंद

DeshGaon
भोपाल Published On :
betul heavy rain road closed

भोपाल/इंदौर। बैतूल जिले में बीते दो-तीन दिन से रुक-रुककर झमाझम वर्षा हो रही है। मंगलवार रात से झमाझम वर्षा का दौर फिर शुरू हुआ, जिससे माचना नदी उफान पर चल रही है।

शाहपुर में बैतूल-भोपाल नेशनल हाइवे 69 पर माचना नदी के पुल पर रात एक बजे बाढ़ का पानी आने से यातायात बंद कर दिया गया था। सुबह 9 बजे तक वर्षा जारी रहने से नदी में बाढ़ कम नहीं हो रही है, जिससे यातायात बंद ही है।

शहडोलः ट्रक ट्रेलर की टक्कर से पति की मौत व पत्नी घायल, जमीनी विवाद में हत्या करने का आरोप –

शहडोल के रीवा रोड में सोहागपुर थाना व कोनी तिराहा के बीच साइकल सवार दंपति को एक ट्रक टेलर ने टक्कर मार दी, जिससे 60 वर्षीय शिव प्रसाद कुशवाहा की घटनास्थल पर मौत हो गई है और उनकी 55 वर्षीय कमली कुशवाहा को भी गंभीर चोट लगी है।

मृतक साइकिल समेत ट्रक के नीचे घुस गया था। महिला दूर गिरी इसलिए उसकी जान बच गई है घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि मृतक को धक्का देकर दुर्घटना को अंजाम दिया गया है।

परिजनों की मांग है कि जब तक दुर्घटना करने वाले वाहन और मारने वाले को नहीं पकड़ा जाएगा, तब तक जाम नहीं खोलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक का उसके मोहल्ले के अतुल कुशवाहा के साथ जमीनी विवाद चल रहा है।

घटना के कुछ देर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ है। उसके बाद मृतक अपनी पत्नी के साथ खेत से घर जा रहा था और पीछे से अतुल कुशवाहा भी आ रहा था। रास्ते में अतुल कुशवाहा ने साइकिल को लात मारी है जिससे मृतक ट्रक के ऊपर गिरा और ठोकर लगने से मौत हो गई हैं।

shahdol_accident

ग्वालियरः नौ साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला कल्ला राठौर गिरफ्तार –

नौ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म कर बेरहमी से हत्या करने वाले कल्लू उर्फ कल्ला राठौर को ग्वालियर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एएसआई रामेंद्र सेंगर ने हजीरा पर आरोपी की घेराबंदी की थी और दोनों के बीच जमकर हाथापाई भी हुई। हालांकि पुलिस ने आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया।

बता दें कि 26 जून को हजीरा के शिवनगर की रहने वाली बालिका लापता हुई थी। उसके साथ कल्लू राठौर निवासी ग्रेसिम विहार ने दुष्कर्म किया फिर हत्या कर दी। पहचान छिपाने पत्थर से चेहरा व मुंह कुचल दिया था।

28 जून की सुबह बच्ची की लाश शताब्दीपुरम ओवर ब्रिज के नीचे झाड़ियों में मिली थी। आरोपी की तभी से ग्वालियर से लेकर उप्र, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान तक उसकी तलाश चल रही थी।

आरोपी पुलिस को छका रहा था और वह जालंधर में मोबाइल बेचकर भागा था। बुधवार सुबह वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसके मददगारों की भी जानकारी जुटा रही है।

इंडिगो की इंदौर-रायपुर उड़ान फिर से निरस्त, यात्री हुए परेशान

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रायपुर जाने वाली इंडिगो की उड़ान को बुधवार को निरस्त किया गया है। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी यह उड़ान नहीं गई थी।

जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या सिक्स ई 7112 रोजाना सुबह एयरपोर्ट के खुलते ही छह बजकर पांच मिनट पर रायपुर के लिए रवाना होती है और सुबह 7.55 पर रायपुर पहुंचती है लेकिन बुधवार को यह उड़ान रवाना नहीं हुई।

बताया जा रहा है, कंपनी ने इसे निरस्त कर दिया है। इस कारण वे यात्री जो एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी ने यात्रियों के सामने रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों की कमी के कारण इस उड़ान को निरस्त किया गया है।

देवासः भारी बारिश के बाद हरणगांव पुलिस थाना बना टापू, 25 गांवों से संपर्क टूटा –

मालवा-निमाड़ अंचल में मंगलवार को कई स्थानों पर रिमझिम वर्षा हुई। देवास जिले के हरणगांव क्षेत्र में सोमवार रात हुई वर्षा से नदी-नालों में आमनेर नदी में बाढ़ आने से मंगलवार सुबह छह बजे से दोपहर 11 बजे तक लगभग पांच घंटे दीपगांव-हरणगांव मार्ग बंद रहा।

इससे हरणगांव से करीब 25 गांवों का संपर्क टूटा गया। आवागमन बंद होने से दूध, सब्जी एवं अखबार जैसी रोजमर्रा की चीजें नहीं पहुंची। बसें नहीं चलने से यात्री परेशान होते रहे।

पुलिस थाना हरणगांव के नवनिर्मित भवन में भी बाढ़ का पानी घुस गया। थाना टापू बनाया गया। जियागांव की नदी उफान पर होने से छोटी पुलियाओं के ऊपर से पानी बहता रहा। खातेगांव, कन्नौद, नेमावर में नदी-नाले उफान हैं। नेमावर में नर्मदा में जलस्तर बढ़ने से घाटों पर स्नान पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

harangaon-police-station-dewas



Related