कमलनाथ का बड़ा आरोप, राष्ट्रपति चुनाव के लिए कांग्रेस विधायक को दिया गया एक करोड़ का ऑफर

DeshGaon
भोपाल Published On :
kamalnath pc with yashwant sinha

भोपाल/इंदौर। भोपाल में विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग करने का बड़ा आरोप लगा कर खलबली मचा दी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। हमारे एक विधायक को एक करोड़ का ऑफर मिला है। अन्य विधायकों पर भी भाजपा डोरे डाल रही है। हमें अपने सभी विधायकों पर पूरा भरोसा है। व्हिप तो जारी कर दिया गया है।

राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में पैसे देकर विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के 28 आदिवासी विधायकों पर भाजपा की नजर है।

उन्होंने कहा कि आज केंद्र में सत्तारूढ़ दल के सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करो, धन – बल का प्रयोग करो, वाली नीति के खिलाफ आज हमारी लड़ाई है। पहले शिवसेना को तोड़ दिया, सरकार गिरा दी और उन्हें फोर्स किया कि हमारे उम्मीदवार का समर्थन करो।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि रुपया इतना तेजी से गिर रहा है, ऐसा कभी नहीं देखा। प्रधानमंत्री जी को इसका जवाब देना चाहिए। भाजपा को अगर आदिवासियों की इतनी ही फ्रिक है तो द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति से बेहतर होगा देश का प्रधानमंत्री बना देना चाहिए।

उन्होंने सीएए के आज तक रूल्स नहीं बने, इसलिए सीएए कानून नहीं होना चाहिए। हामिद अंसारी जैसे देशभक्त के खिलाफ बिना सोचे – समझे आरोप लगाए गए। ये समाज को सांप्रदायिकता के आधार पर बांटने का प्रयास है।

मूंग खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन 18 जुलाई से –

मध्यप्रदेश के किसानों की मूंग खरीदी का रजिस्ट्रेशन 18 जुलाई से प्रारंभ होगा। सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य 7,275 रुपये प्रति क्विंटल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सभी जिलों में तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जबलपुर में कांग्रेस विधायक के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड –

जबलपुर में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने आज सुबह कांग्रेस विधायक संजय शर्मा के कई ठिकानों पर छापा मारा। आयकर विभाग ने जबलपुर सहित नरसिंहपुर, कटनी, अनूपपुर और तेंदूखेड़ा में दबिश दी है।

जबलपुर के हवाबाग में भी संजय शर्मा का बंगला है। यहां आयकर विभाग की टीम मौजूद है। संजय शर्मा का शराब और रेत का कारोबार है। बताया जा रहा है कि टैक्स चोरी की शिकायत पर रेड पड़ी है।



Related