भाजपा की कविता पाटीदार व सुमित्रा वाल्मीकि के साथ कांग्रेस के विवेक तन्खा भी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

DeshGaon
भोपाल Updated On :
vivek_sumitra_kavita

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश से राज्यसभा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। भाजपा के दोनों उम्मीदवार कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि को शनिवार को निर्विरोध चुना गया। वे अपना प्रमाणपत्र लेने विधानसभा जाएंगी।

जानकारों का मानना है कि महिला, ओबीसी वोटर को साधने के लिए भाजपा ने कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया।

वहीं, कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी विवेक तन्खा को भी निर्विरोध चुन लिया गया। वे दूसरी बार सांसद बने हैं। दूसरा उम्मीदवार न होने पर शुक्रवार को तन्खा को निर्विरोध सांसद चुन लिया गया।

तन्खा के अधिकृत वकील जेपी धनोपिया ने उनका निर्वाचन प्रमाणपत्र निर्वाचन पदाधिकारी एपी सिंह से प्राप्त किया।

विदिशा में ठेकेदारों ने करवाई थी आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या – 

vidisha rti activist murder

विदिशा में आरटीआई कार्यकर्ता रंजीत सोनी की पीडब्लूडी ऑफिस कैंपस में गोली मारकर हत्या ठेकेदार ने करवाई थी। मामले में पुलिस ने ठेकेदार ऐश कुमार चौबे, जसवंत रघुवंशी और नरेश शर्मा से पूछताछ की। उन्होंने गुनाह कबूल कर लिया है।

इसके साथ ही शूटर अंकित उर्फ टुंडा को भी गिरफ्तार कर लिया है। रंजीत सोनी और तीनों ठेकेदारों के बीच पूर्व से ठेकेदारी व पैसों के लेन-देन को लेकर रंजिश चल रही थी।

इसमें दोनों पक्षों की ओर से कोर्ट में मामला विचाराधीन थे। आरोपियों ने बताया कि मृतक द्वारा ठेकेदारी में उनको बड़ा नुकसान पहुंचाया गया।

देवास में सतवास राजस्व निरीक्षक को 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा – 

देवास में सतवास तहसील के किसान सत्यनारायण गुर्जर से जमीन के सीमांकन के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। 11 हजार रुपए सत्यनारायण द्वारा दे दिए गए। सत्यनारायण ने बातचीत रिकॉर्ड कर लोकायुक्त को आवेदन किया। इस पर लोकायुक्त इंस्पेक्टर बसंत प्रताप श्रीवास्तव ने राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

नेपानगर भाजपा विधायक पर एफआईआर के निर्देश – 

बुरहानपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गुरुवेंद्र कुमार हुरमाड़े ने नेपानगर की भाजपा विधायक सुमित्रा कास्डेकर के खिलाफ FIR दर्ज के निर्देश दिए हैं।

कोर्ट में दाखिल याचिका को आधार बनाकर खकनार थाने में केस दर्ज कर अभियोग पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। मामला 2011 में एलपीजी गैस वितरण कंपनी की एजेंसी लेने और 2020 में विधायक के लिए नामांकन प्रस्तुत करते समय अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाने का है।

भोपाल से फरार गैंगस्टर मुख्तार मलिक की मौत, झालावाड़ के गैंगवार में हुआ था घायल – 

mukhtar malik

राजस्थान के झालावाड़ में दो दिन पहले हुए गैंगवार में घायल भोपाल के फरार गैंगस्टर मुख्तार मलिक की मौत हो गई। घायल अवस्था में मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार सुबह 10 बजे उसने इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसके खिलाफ 60 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

डीएसपी गिरधर सिंह ने बताया कि मुख्तार मलिक को पुलिस ने नदी से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में घायल अवस्था में पाया था। मुख्तार की राजस्थान के बंटी गैंग से गैंगवार हुई थी।

दोनों गैंग के बीच भीमसागर बांध के कैचमेंट एरिया में मछली पकड़ने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों गैंग के बीच फायरिंग हुई। गैंगवार में मुख्तार गैंग के एक गुर्गे की मौत हो गई थी। वहीं, मुख्तार समेत उसका राइट हैंड विक्की वाहिद घायल था।

पुलिस के मुताबिक, भीमसागर बांध के नदी क्षेत्र में मछलियां पकड़ने का ठेका भोपाल निवासी मुख्तार मलिक ने ले रखा है। मंगलवार देर रात मुख्तार मलिक 11 मजदूरों के साथ कांस खेड़ली के पास कम गहरे पानी में नाव से पेट्रोलिंग कर रहा था।

इसी दौरान गांव के रहने वाले मछुआरों से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग होने लगी। फायरिंग होते ही नदी के अंदर नाव पलट गई।

इंदौर में कार पुलिया के नीचे गिरी, महिला की मौत व तीन घायल –

इंदौर के पास एक कार के पुलिया से नीचे गिर गई। कार में सवार गुलनाज नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।

घायल शाहीन, मोहम्मद अब्दुल गनी और राजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी नीमच में शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। ड्राइवर को झपकी लगने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और कार पुलिया के नीचे गिर गई।

गणपति घाट पर केमिकल से भरे ट्राले में लगी है आग, दो फायर ब्रिगेड भी नहीं बुझा पाई आग –

धार जिले के राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। घाट पर वाहनों के ब्रेक फेल होने से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। घाट पर गुरुवार व शुक्रवार मध्य रात्रि को फिर एक और हादसा हो गया।

घाट चढ़ रहे ट्रॉले के ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर पीछे चल रहा दूसरे ट्रॉले को टक्कर मारते हुए डिवाइडर कूद घाट चढ़ने वाली लेन जा पहुंचा। जहां ट्रॉले में कुछ देर बाद उसमें आग लग गई। आग पर काबू पाने की दो फायर बिग्रेड की मदद से कोशिश की गई, किंतु आग पर काबू सुबह तक नहीं पाया जा सका।

जानकारी अनुसार धामनोद कि तरफ से आकर घाट चढ़ रहा ट्रॉला क्र. जीजे 34 टि 6069 के ब्रेक फेल होने से ट्रॉला अनियंत्रित होकर रिवर्स आकर पीछे चल रहा दूसरा ट्रॉला क्र. आरजे 11 जीबी 3101 को जोरदार टक्कर मारते हुए ब्रेक फेल ट्रॉला डिवाइडर कूदकर घाट चढ़ने वाली लेन पार कर ढाबे के पास जाकर खड़ा हो गया।

कुछ देर बाद अज्ञात कारणों से ट्रॉले में भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दो फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई किंतु ट्रॉले में केमिकल भरे होने से आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी।

रतलाम में सड़क पर दौड़ती स्कॉर्पियो में लगी आग –

न्यू रोड पर चलते हुए स्कॉर्पियो वाहन (एमपी-09/बीसी-5621) में आग लग गई। देखते-देखते वाहन से आग की लपटे व धुआं निकलने लगा। चालक ने तत्काल वाहन को सड़क पर रोक दिया।

आसपास के दुकानदारों ने अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था कर आग पर काबू पाया। सूचना पर मौके पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी दमकल लेकर पहुंचे। तब वाहन के इंजन में से धुआं निकल रहा था। दमकलकर्मियों ने पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझा दिया।



Related