शादी के लिए आरिफ़ से आनंद तिवारी बना शख़्स, लोगों ने कहा कि नए धर्म के साथ अच्छा सरनेम भी मिल गया…


शादी के लिए किया धर्म परिवर्तन, युवक ने कहा कि हिन्दू धर्म में पहले से है उसकी आस्था


DeshGaon
भोपाल Updated On :
Wearing saffron, getting tonsured, Anand Tiwari from Arif with religious rituals: Deshgaon News
भगवा पहनकर, मुंडन करवाकर धार्मिक रीतिरिवाज के साथ आरिफ़ से आनंद तिवारी


भोपाल। प्यार के लिए एक मुसलमान हिन्दू बन गया और इसे लेकर किसी को कोई आपत्ति नहीं हुई। शाजापुर जिले की शुजालपुर तहसील में आरिफ़ ने धार्मिक कर्मकांड के बीच गौमूत्र से नहाकर हिन्दू धर्म अपनाया और खुद को आरिफ़ से आनंद बना लिया। यह सब  राजराजेश्वरी मंदिर में हुआ। जहां विश्व हिन्दू परिषद और दूसरे हिन्दू संगठनों के लोग मौजूद रहे। आरिफ़ ने कहा कि उन्हें हिन्दू धर्म में आस्था है और वे काफी समय से यह कदम उठाने के बारे में सोच रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी धर्म को अपनाना उनका निजी फैसला है इसमें कोई उन पर किसी तरह का दबाव नहीं डाल सकता और उन्हें इसे लेकर किसी से डर भी नहीं है।

कबाड़ी का काम करने वाले तीस साल के आरिफ़ पिता यासीन ख़ान को एक हिन्दू लड़की से प्रेम हो गया था। ये दोनों ही एक दूसरे से शादी करना चाहते थे और इसके लिए वे कोर्ट पहुंचे तो यहां हिन्दू संगठन के लोग पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद लड़की को नारी निकेतन पहुंचाया गया और युवक को उसके घर भेज दिया गया। इसके बाद आरिफ़ के लिए सभी रास्ते बंद दिखाई दे रहे थे तो उसने खुद ही हिन्दू बनने की बात कही।

11 जनवरी को इलाके में बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद का शौर्य संचलन यानी जुलूस निकाला जाना था। यहां पहुंचकर आरिफ़ खान ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिन्दू धर्म अपनाने की बात कही। इसके बाद मंच इस कार्यक्रम में मौजूद विहिप-बजरंग दल के मालवा प्रांत के संगठन मंत्री नंददास दंडोतिया ने इसकी सहमति दी और आरिफ की सहमति से उसे हिन्दू धर्म में शामिल किया। इससे पहले आरिफ ने अपने धर्मपरिवर्तन के लिए नए कानून के नियमानुसार स्थानीय कलेक्टर को आवेदन दिया है। जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद आरिफ ने हिन्दू धर्म अपनाया।

विहिप बजरंग दल के विभाग मंत्री राजेश जादम के मीडिया में आए बयानों के अनुसार न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आनंद का हिन्दू रीति रिवाज से उक्त युवती से विवाह कराया जाएगा। वहीं आरिफ़ अपनी नई पहचान आनंद तिवारी के साथ खुश हैं। इलाके के लोग भी इस धर्म परिवर्तन को देखर हैरान हैं। इस कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बताया कि उन्हें विश्वास नहीं होता कि कोई लड़का अपने प्रेम के लिए हिन्दू भी बन सकता है लोगों ने कहा कि आरिफ़ को धर्म के साथ अच्छा सरनेम भी मिल गया जो कि ज्यादातर लोगों के पास नहीं होता।



Related