“हनी ट्रैप मामले के पेन ड्राइव के लिए पूर्व सीएम कमलनाथ को तलाश रहा जांच दल”


ये बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा में शनिवार को कहीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा कोरोना संक्रमण और जूडा हड़ताल पर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।


DeshGaon
भोपाल Published On :
vd-sharma-kamalnath

भोपाल। कमलनाथ जी को पेन ड्राइव के लिए विशेष जांच दल ढूंढ रहा है। पता नहीं वे कहां चले गए हैं। ट्विटर पर लिखने भर से न समाज चलता है, न विकास होता है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के हाल एक जैसे हैं।

ये बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा में शनिवार को कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन का लक्ष्य है। हम हमेशा जनता की मदद का प्रयास करते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा कोरोना संक्रमण और जूडा हड़ताल पर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अवसाद में चली गई है। उनके आपसी झगड़े हैं। अजय सिंह क्या कह रहे हैं, कमलनाथ कुछ और कह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण को लेकर भाजपा ने व्यापक अभियान चलाने का संकल्प लिया है। सरकार का एजेंडा भी हरियाली को बचाना है। मुख्यमंत्री ने भी पौधे लगाने पर ही भवन निर्माण की अनुमति देने की घोषणा की है।

राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के भोपाल आगमन और संगठन विस्तार में उनके समर्थकों को स्थान देने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि वे वरिष्ठ नेता हैं। उनका भोपाल आना सामान्य है। कोरोना के कारण संगठन विस्तार की योजना प्रभावित हुई है। हमारी प्राथमिकता कोरोना से निपटना था। भाजपा में कोई किसी व्यक्ति का समर्थक नहीं है। सिंधिया भी भाजपा कार्यकर्ता हैं।

बक्स्वाहा में हीरा खदान के लिए पेड़ों की कटाई पर शर्मा ने कहा कि अभी तक एनजीटी की अनुमति भी नहीं मिली है, तो पेड़ कैसे कट जाएंगे।

जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल को लेकर कहा कि समाधान निकालने की आवश्यकता है। जूनियर डॉक्टरों ने समाज के लिए काम किया है। अथक मेहनत करते हैं। कांग्रेस इस मामले को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।



Related