धारः शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच भाजपा-कांग्रेस कर रही अपनी-अपनी राजनीति व सेवा


शहर में हर दिन कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इन सबके बीच भाजपा व कांग्रेस पार्टी के नेता अपने-अपने हिसाब से सेवा कार्य व राजनीति दोनों ही कर रहे हैं।


आशीष यादव आशीष यादव
घर की बात Updated On :
dhar-politics

धार। शहर में हर दिन कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इन सबके बीच भाजपा व कांग्रेस पार्टी के नेता अपने-अपने हिसाब से सेवा कार्य व राजनीति दोनों ही कर रहे हैं।

गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करते हुए कोविड मरीजों से संबंधित तमाम व्यवस्थाएं देखीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष यादव ने जिला अस्पताल में परेशान मरीजों को ढाढस बंधाया और कहा कि भाजपा का पूरा संगठन जनता की सेवा, सहायता व राहत कार्य हेतु सदैव तत्पर है, आप धैर्य रखें।

इस दौरान उन्होंने परेशान मरीजों की सुनवाई करते हुए तुरंत व्यवस्थाएं कराईं। तत्पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष यादव ने कहा कि हम हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।

स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय को कोविड सहायता हेतु कंट्रोल रूम बनाने के लिए प्रशासन को कहा गया है। इसके साथ ही शहर के एमडी डॉक्टरों से व्यक्तिगत आग्रह करते हुए इस परिस्थिति में सेवा का आग्रह किया था, जिस पर सभी डॉक्टरों ने सहमति दी है।

इसके अलावा संगठन की ओर से अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को भोजन, गर्म पानी और काढ़ा इत्यादि सुविधाएं कराई जाएंगी। किसी प्रकार की असुविधा होने पर कंट्रोल रूम में संपर्क करने के लिये हेल्पलाइन नंबर 9179599951 जारी किया गया है।

इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने धार कलेक्टर आलोक कुमार सिंह से चर्चा की और उन्हें जिला चिकित्सालय में आ रही समस्याओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी।

कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जो भी समस्याएं या व्यवस्था सुधारना है उन पर अमल किया जा रहा है। वहीं निजी डॉक्टरों की एक टीम बनाकर रोज दो घंटे हॉस्पिटल में विजिट के लिए आग्रह किया गया है।

दूसरी तरफ, धार विधायक श्रीमती वर्मा ने विधायक निधि से धार जिला भोज चिकित्सालय में कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में सेंट्रलाइज ऑक्सीजन सिस्टम हेतु लगभग 35 लाख की राशि स्वीकृत की है।

विधायक वर्मा ने इस आशय का पत्र धार जिला कलेक्टर को जारी करते हुए बताया कि यह प्लांट सीधे सेंट्रलाइज ऑक्सीजन सिस्टम को ऑक्सीजन देगा जिससे जिले के मरीजों को काफी सुविधा मिल सकेगी और चिकित्सालय में सिलेंडरों की कमी से निजात मिल सकेगी।

ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 330 एसएलपी होगी जो सेंट्रलाइज ऑक्सीजन के माध्यम से सीधे 70 बिस्तर तक ऑक्सीजन पहुंचा सकेगी। यह सिस्टम पूरे 24 घंटे कार्य करेगा। इसकी पावर क्षमता 47. 2 किलो वाट की रहेगी।

वही इधर कांग्रेस ने दिया आवेदन –

धार शहर सहित पूरे जिले में कोरोना संक्रमण के मरीज प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं, इन भर्ती मरीजों के इलाज के लिए आइसोलेशन सेंटर की कमी सामने आ रही हैं।

इस परेशानी को देखते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व विधायक बालमुकुंद सिंह गौतम ने कलेक्टर आलोक सिंह को एक पत्र लिखा है, जिसमें आम जनता की सुविधा एवं मरीजों के इलाज हेतु ग्राम जेतपुरा में स्थित गौतम स्कूल, लेबड़ स्थित मकान एवं सिल्वर हिल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय को आइसोलेशन सेंटर बनाने की मांग की गई है, ताकि आम जनता को आ रही परेशानी समाप्त हो सके।

गौतम ने बताया कि 200 बेड की व्यवस्था गौतम स्कूल में की जा सकती है, जिसके लिए पर्याप्त जगह स्कूल में उपलब्ध है तथा स्कूल शहर से दूर भी है।

इस मांग पत्र के साथ एक ज्ञापन गुरुवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष जसवीर सिंह टोनी छाबड़ा ने सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी को सौंपा। अध्यक्ष छाबड़ा ने सेंटर बनाने के मांग पत्र के साथ जिला अस्पताल की सिटी स्कैन मशीन को भी चालू करवाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपते समय रत्नेश जांगड़े, सुनिल चौहान, सुरेश परमार सहित कांग्रेस नेता उ‍पस्थित थे।



Related