किसानों के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन, विधानसभा के गेट पर कांग्रेस विधायकों ने फेंका लहसुन


मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने लहसुन किसानों के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया और वे लहसुन की बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे। कांग्रेस नेता यहां नारे लगा रहे थे कि “विधायक खरीदे, लहसुन खरीदो।”


DeshGaon
घर की बात Published On :
garlic in mp assembly

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो चुका है, लेकिन पहले दिन सदन लंबी नहीं चली और इसे बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

मंगलवार की सुबह विधानसभा का सत्र शुरू होने के पहले कांग्रेस विधायकों ने लहसुन किसानों के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने विधानसभा के गेट पर लहसुन फेंक दी।

सरकार से लहसुन किसानों के लिए मदद की मांग करते हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव, पूर्व मंत्री लाखन यादव, कुणाल चौधरी ने विधानसभा के बाहर लहसुन बिखेर दिया।

पूर्व मंत्री सचिन यादव ने कहा कि

किसानों को अपनी उपज सड़कों पर फेंकनी पड़ रही है। उसे एक रुपये दाम मिल रहे हैं। किसानों के लिए चल रही योजनाओं को बंद किया जा रहा है। भावांतर योजना बंद कर दी गई है। विधायक तो खरीद रहे हैं, लेकिन किसान की उपज खरीदने की बात आती है तो लाचारी सामने आ जाती है। किसानों को उपज की लागत तक नहीं निकल पा रही है।

बता दें कि मध्यप्रदेश में लहसुन किसानों को इस सीजन में काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालत यह है कि ये किसान लहसुन की उपज का लागत मूल्य तो दूर उसे मंडी में ले जाने का ट्रांसपोर्ट का खर्च भी नहीं निकाल पा रहे हैं।

स्थिति ये हो गई है कि कड़ी मेहनत से उपजाई फसल को अब किसान सड़कों पर या नदियों में फेंकने को मजबूर हो गए हैं।

मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने लहसुन किसानों के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया और वे लहसुन की बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे।

कांग्रेस नेता यहां नारे लगा रहे थे कि “विधायक खरीदे, लहसुन खरीदो।”



Related