अनुकूल मौसम से खेतों में लहलहा रही फसलें, रबी की फसलों को मिला फायदा

DeshGaon
धार Published On :
dhar cold and field

धार। मौसम बदलाव के साथ ही फसलों को फायदा मिलने लगा है और सूरज ओट में छुप लग रहा है। इसके साथ ही शीतलहर के कारण रात के समय ओस की बूंदें दिखने लगती हैं।

मौसम ठंडा होने से पारा और गिर गया है। सुबह से शाम तक लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे रहने के बावजूद ठिठुरते रहे। किसानों को अभी भी उम्मीद है कि मावठा गिरेगा जिससे गेहूं-चने की फसल को भारी लाभ मिलेगा।

तीन-चार दिन से क्षेत्र में भी मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। दिन में छिटपुट बादल ही दिख रहे हैं। वहीं आने वाले दिनों में मावठे की आमद का इशारा कर रही है।

दिनभर लोग गर्म लिबासों में लिपटे रहे और गर्मी के लिए बार-बार चाय-कॉफी की चुस्कियां लेते रहे। मौसम का यह मिजाज बाइक से यात्रा करने वालों को बड़ी तकलीफ दे रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही अंधेरा होने से पहले ही नगर में जगह-जगह अलाव और उनके पास लोगों के हुजूम नजर आने लगते हैं।

गेहूं की फसलों को फायदा –

पिछले दिनों मौसम की ठंडक से फसलों को फायदा हुआ। किसान इस समय उम्मीद लगाए बैठे हैं कि यदि बारिश हो जाती है तो फसलों को काफी फायदा मिल जाएगा।

इस समय यदि थोड़ी सी बारिश भी होती है तो यह फसलों के लिए अमृत के समान होगी। इस समय कई जगह किसान सिंचाई का काम भी कर रहे हैं। यदि बारिश होती है तो किसानों को काफी बचत भी हो जाएगी। जो खर्चा एक पानी देने में आता है उसका फायदा हो सकता है।

ओलों से हो सकता है गेहूं-चने को खतरा –

इस समय ओलों से चना और गेहूं दोनों को नुकसान हो सकता है। अगर केवल बारिश होती है तो लाभ मिलेगा। ठंडक व बरसात से रबी की फसल को फायदा है क्योंकि पानी के साथ पौधों की जड़ों तक जाता है व ठंड से पौधे में अलग चमक रहती है।

अभी अगली वेराइटी की गेहूं की फसलो में बालियां आ रही हैं इसलिए गेहूं में ठंडक का रहना आवश्यक है। अभी लोगों के खेतों में दूसरा-तीसरा पानी चल रहा है। मौसम ठंडा होने से भी फसलों की चमक अलग ही दिख रही है।

बार-बार मौसम में बदलाव –

इस साल बार-बार मौसम में बदलाव हो रहा है। कभी बारिश तो कभी तेज गर्मी तो कभी सामान्य मौसम हो रहा वही पिछले एक सप्ताह से मौसम में ठंड से फसलों को लाभ हो रहा है।

पिछले दिनो हल्की बारिश भी हुई। यदि तेज बारिश होती है तो फसलों को काफी फायदा हो जाएगा। उससे फिर आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी के मुताबिक, बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में कई जगह ओले गिरने का अलर्ट भी है लेकिन जिले में इस तरह की स्थिति नहीं है। यहां पर हल्की बारिश हो सकती है।

ठंड से गेहूं को फ़ायदा –

गेहूं के लिए मौसम का ठंडा रहना जरूरी है। इस बार हर साल की तरह ठंड लेट हुई है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में बोवनी कर दी थी लेकिन अच्छी ठंड नही होने से गेहूं ने रफ्तार नहीं पकड़ी थी। अब ठंड अच्छी गिर रही है तो फसलों को फायदा हो रहा है।
– दिलीप सिंह डोडिया, किसान, अनारद

और ठंड की दरकार –

अभी गेहूं की फसल व अन्य फसलों को ठंड की और दरकार है। अभी और ठंड गिरती है तो फसलों के उत्पादन पर भी इसका फर्क पड़ेगा। गेहूं का उत्पादन बढेगा। रबी की फसलों में ठंड का गिरना आवश्यक होता है।
– मनोहर लववंशी, किसान, सकतली



Related