महाकाल लोक लोकार्पणः मंदिरों में होगा शंखनाद का आगाज, 50 बसों से उज्‍जैन जाएंगे श्रद्धालु


लोकार्पण को अलौकिक और ऐतिहासिक बनाने के हर जिले के मंदिरों में रंगारंग कार्यक्रम किया जाएगा और खुशियों के साथ लोकार्पण दिवस मनाया जाएगा।


DeshGaon
धार Published On :
ujjain mahakal lok

धार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को उज्जैन में महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे और धार जिले के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष कार्य्रकम आयोजित किये जा रहे हैं। विशेष आयोजन में पूजा-अर्चना के अलावा इन मंदिरों को सजाया गया है।

कलेक्टर डॉ. पंकज जैन ने एसडीएम, सीएमओ, जनपद सीईओ, तहसीलदारों को चयनित मंदिरों में कार्यक्रम के सीधा प्रसारण, घाटों व मंदिरों की साफ-सफाई कराने निर्देश दिए हैं।

नोडल अधिकारी नेहा शिवहरे ने बताया कि मंदिरों के पुजारियों को मंदिरों में पताका ध्वज तथा शंख ध्वनि, घंटानाद, दीप प्रज्वलन, दीपदान और मंदिरों पर लाइटिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही भजन कीर्तन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होना है।

मंदिरों में प्रभात रैलियां निकाली जाएगी तथा अन्य आयोजन होंगे। इस कार्य के प्रचार-प्रसार के लिए मप्र शासन के जनसम्पर्क विभाग ने अपने शासकीय सोशल मीडिया हैंडल के लिए कवर पेज और डीपी के लिए लोगो लांच कर दिया है।

इसके साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे अपने व्हाट्सअप प्रोफ़ाइल और फेसबुक एकाउंट पर कवर पेज सेट कर सकते हैं। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिले के सभी मंदिरों पर आयोजन होंगे। शाम 6 बजे से महाकाल लोक का लोकार्पण किया जाएगा।

बता दें कि प्राचीन काल में भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश ने जप-तप के अलावा यज्ञादि भी किये थे। देवताओं ने जप-तप और यज्ञ से भूमि तपोभूमि पावन एवं स्वर्ग जैसी महसूस होती है।

इस लोकार्पण को अलौकिक और ऐतिहासिक बनाने के हर जिले के मंदिरों में रंगारंग कार्यक्रम किया जाएगा और खुशियों के साथ लोकार्पण दिवस मनाया जाएगा। इसके साथ रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में गणमान्य जनों को आमंत्रित किया गया है जिसमें धार जिला भी शामिल है।

शासन के निर्देशानुसार जिले के उज्जैन से निकट के क्षेत्र से नागरिकों को ले जाने हेतु 50 बसें अधिग्रहित की गई हैं जो लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बनने हेतु शामिल होने वाले गणमान्य नागरिकों को सुनियोजित एवं व्यवस्थित रूप से कार्यक्रम स्थल उज्जैन तक पहुंचायेगी।

धार के जिला कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन ने इस कार्य के लिए अतिरिक्त परिवहन अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।

सभी बसों में कर्तव्यस्थ कर्मचारी, पेयजल, भोजन, फर्स्ट–एड बॉक्स सहित संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी ताकि यात्रीगणों को किसी प्रकार की असुविधा ना रहे। विधिवत रूप से रूट चार्ट तैयार कर बसों की मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की गई है।



Related