गंधवानी में मतदान पार्टी पर हमले में तीन हुए घायल, 60 अज्ञात पर केस दर्ज


इस घटना में तीन लोगों को चोट आई है जबकि गंधवानी पुलिस ने 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


DeshGaon
धार Published On :
gandhwani attack

धार। जिले में शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान व मतगणना के बाद मतदान दल के लौटते वक्त गंधवानी ब्लॉक के ग्राम गरवाल में हमले की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जीते हुए प्रत्याशी के समर्थक पटाखे फोड़ रहे थे। इससे नाराज हारे हुए प्रत्याशी के समर्थक भिड़ गए। इस विवाद में मतदान पार्टी भी फंस गई। रात 12.30 बजे मतदान पार्टी को बाहर निकाला गया।

इस घटना में तीन लोगों को चोट आई है जबकि गंधवानी पुलिस ने 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान समाप्त होने के बाद धार जिले के गंधवानी विधानसभा के ब्लॉक से जब मतदान दल मतपेटियां और सामग्री लेकर रवाना हो रहा था।

इस दौरान ग्राम गरवाल में निर्दलीय प्रत्याशी भंगड़ी बाई की जीत पर विपक्षी लोगों के बीच में विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।

मतदान दल की टीम पर भी लोगों ने पथराव किया। अज्ञात लोगों ने गाड़ियों के कांच फोड़ दिए। घटनाक्रम में तीन मतदान कर्मियों को भी चोटें आई हैं। इनका प्राथमिक उपचार गंधवानी स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ।

नामजद व अज्ञात पर केस दर्ज –

घटना के बाद गंधवानी से रिजर्व टीम रवाना कर मतदाना पार्टी को निकाला गया। गंधवानी पुलिस थाने पर शासन तर्फे एसआई एनएस डंडोतिया ने बादाम पिता कनसिंह गेहलोत, जितेंद्र पिता भारत गेहलोत, महेंद्र पिता निर्भयसिंह गेहलोत, फिर्तेश पिता धनपास गेहलोत, रेशमबाई पति प्रदीप गेहलोत व उर्मिला पति निर्मल गेहलोत सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा-147, 149, 332, 333, 353, 427 भादवि, 3 लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।



Related