गश्त कर रहे पुलिस बल पर अज्ञात बदमाशों ने किया हमला, रायफल छीन कर भागे


हमले में एसएफ का एक जवान गंभीर रुप से घायल है, इससे पहले ये बदमाश एक स्कूल में घुसे थे और वहां के चौकीदार से भी रायफल छीनकर लाए थे…


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Updated On :

इंदौर। महू तहसील के बड़गौंदा थाना क्षेत्र में गश्त कर पुलिस बल पर बुधवार रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। ये बदमाश एक लूट को अंजाम देकर लौट रहे थे कि पुलिस से इनका आमना-सामना हो गया। यह घटना पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर भैरूलाल पाटीदार कॉलेज के सामने मुख्यमार्ग पर हुई। इस दौरान छह बदमाशों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर सीधा हमला कर दिया और उसकी रायफल छीन ली। इस हमले में एक पुलिसकर्मी के सिर पर गहरी चोट आई है। कुछ ही देर पहले इन बदमाशों एक निजी स्कूल के सुरक्षाकर्मी पर  हमला कर उसकी भी रायफल छीनी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह इंदौर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह बिरदे ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस जवान पर चर्चा और घटना स्थल का मुआयना किया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब एक बजे अज्ञात बदमाश इसी इलाके में बेरछा रोड पर कर्नल्स एकेडमी नाम के एक स्कूल में लूट की नियत से पहुंचे। जहां पर स्कूल के सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोका तो बदमाशों ने उसके साथ  मारपीट की और उसकी दो नाली बंदूक छीनकर भाग गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मी ने तुरंत ही पुलिस को जानकारी दी।

इस दौरान बड़गौंदा थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे जवानों का ही बदमाशों से आमना-सामना हो गया। यहां पर जब जवानों ने इन्हें पकड़ना चाहा तो सभी बदमाश दोनों पुलिस जवानों पर टूट पड़े और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बंदूक की बट से एक पुलिसकर्मी के सिर पर हमला कर दिया। यह वार इतना तेज था कि बंदूक की बट भी टूट गई। यहां भी बदमाशों ने पुलिस से एक बंदूक छीन ली। इस घटना में एसएफ का जवान राजेंद्र जाट घायल हुआ है। जिसे मध्यभारत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।

अस्पताल में घायल जवान का इलाज जारी है

एसपी बरदे ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उक्त हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कहा है। इसके बाद से ही क्षेत्र में उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि बदमाश आसपास के जंगलों से होकर दूसरे जिलों में भी जा सकते हैं ऐसे में वहां भी इनके बारे में जानकारी देकर पुलिस को सक्रिय कर दिया गया है।

यह घटना महू में कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही है। महू के रास्तों पर देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है और बदमाशों ने जिस  स्कूल में चोरी के लिए घुसने की कोशिश की वह सैन्य क्षेत्र के बिल्कुल नज़दीक है और वहां सेना के कई सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी भी रहते हैं।

 



Related