छावनी परिषद ने लिया फैसला, अहिल्याबाई होलकर खेल संकुल होगा खेल मैदान का नाम


महू छावनी परिषद द्वारा शहर भर में किए जा रहे निर्माण कार्यों व विकास कार्यों को देखने के लिए बुधवार को छावनी परिषद के अधिकारियों ने शहर भर का दौरा किया।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
mhow sports complex

महू (इंदौर)। महू छावनी परिषद द्वारा शहर भर में किए जा रहे निर्माण कार्यों व विकास कार्यों को देखने के लिए बुधवार को छावनी परिषद के सीईओ डॉ. राजेंद्र जगताप ने अपने सभी अधिकारियों के साथ शहर भर का दौरा किया।

चार घंटे से अधिक समय तक चले इस दौरे में सीईओ जगताप ने सभी विकास कार्यों की जानकारी ली तथा तेजी से काम कर इसे पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि दशहरा मैदान पर बनाए जा रहे हैं खेल मैदान का नाम अहिल्याबाई होलकर खेल संकुल रखा जाएगा जिस पर 25 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है।

छावनी परिषद के सीईओ डॉ. राजेंद्र जगताप ने बुधवार को सुबह ट्रेंचिंग ग्राउंड से अपना दौरा निरीक्षण शुरू किया, जहां पर उन्होंने कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा वेस्ट मटेरियल को किस तरह उपयोग में लाया जाए, इसके बारे में आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों का दल दशहरा मैदान पर बनाए जा रहे खेल संकुल पहुंचा। डॉ. जगताप ने यहां पर सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल संकुल का पूरा कार्य इस माह में पूरा हो जाना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने कहा कि दो दिन का काम एक दिन में करें ताकि खिलाड़ियों को यह मैदान जल्द से जल्द सौंपा जाए। इस मैदान पर फुटबॉल-क्रिकेट के अलावा ट्रैकिंग ट्रैक भी बनाया जा रहा है।

डॉ. जगताप ने देशगांव से बातचीत में कहा कि

इस खेल संकुल पर करीब 25 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। इस कार्य के पहले यह मैदान काफी अव्यवस्थित था। बड़े-बड़े पत्थर थे जिस कारण खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो रही थी। अब इस मैदान को एक अच्छा मैदान बना कर तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस मैदान का नाम देवी अहिल्याबाई होलकर खेल संकुल रखा जाएगा।

अधिकारियों का दल लाल जी की बस्ती वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचा जहां पर गंदे पानी को ट्रीट कर साफ करने की व्यवस्था देखी तथा यहां और क्या कार्य किए जा सकते हैं इसकी जानकारी अधिकारियों से ली।

इस दौरान छावनी परिषद के नामित सदस्य शिव शर्मा, स्वास्थ्य अधीक्षक मनीष अग्रवाल, मुख्य इंजीनियर एचएस कॉलोया, सब इंजीनियर अमित व्यास आदि मौजूद थे।

अधिकारियों का दल इसके बाद गर्ल्स स्कूल में बने जिम को देखने पहुंचा जहां पर लगाए गए उपकरणों की व्यवस्था देखी तथा यह व्यवस्था कर इसे शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने छावनी परिषद कार्यालय के गार्डन को भी देखा, जहां पर उचित व्यवस्था व साफ-सफाई के करने के निर्देश दिए। अधिकारियों का यह दल सुबह दस बजे से ही नगर भ्रमण के लिए निकल गया था।



Related