सिंधिया पर टिप्पणी को लेकर मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा- भ्रम फैला रहे हैं राहुल गांधी


राहुल गांधी की टिप्पणी को भ्रम बताते हुए सिलावट ने कहा कि अब हमारा जीना मरना भाजपा के साथ है। केंद्र में काबिज मोदी सरकार और प्रदेश में भाजपा संगठन के साथ मिलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके सभी समर्थक बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :
tulsi-silawat

– कोरोना वैक्सीन लगवाने के साथ ही स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।

इंदौर। 10 मार्च 1945 को मुंबई में जन्मे माधवराव सिंधिया की 76वीं जयंती के मौके पर एक जमाने मे माधवराव सिंधिया के खास माने जाने वाले वर्तमान में भाजपा सरकार में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उन्हें अपने ही अंदाज में याद किया।

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने बुधवार सुबह नौ बजे बंगाली चौराहे पर स्थित स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को याद किया।

इस दौरान मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि माधवराव सिंधिया वो शख्सियत थे जिनकी विचारधारा का सम्मान अन्य विचारधाराओं को मानने वाले भी करते थे। उन्होंने देश मे कई नवाचार किये।

इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित पुल और गार्डन का नाम माधवराव सिंधिया के नाम पर रखा जायेगा। वो ऐसी शख्सियत है कि देश के प्रधानमंत्री इंदौर में उनकी प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इतना ही नहीं मंत्री सिलावट ने आज ही वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ जंग में एक और कदम बढ़ाते हुए अपने चाहने वालों को राह बताई कि कोरोना का टीकाकरण आवश्यक है।

बुधवार को जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अपना टीकाकरण कराया। इस दौरान उनके परिजन भी उनके साथ में थे। इस मौके पर मंत्री सिलावट ने कहा कि लोग वैक्सीन लगवाने से डरे नहीं बल्कि आगे आयें ताकि देश से इस बीमारी को जड़ से उखाड़कर फेंका जा सके।

राहुल गांधी के बयान को लेकर मंत्री सिलावट ने कहा कि दरअसल, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया की कमी कांग्रेस को खल रही है। शायद यही वजह है कि कांग्रेस अब भाजपा से सिंधिया का मोह भंग करवाना चाहती है।

हाल ही में राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा का बैकबैंचर बताते हुए उनके मुख्यमंत्री पद को लेकर भी टिप्पणी की थी। राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक माने जाने वाले प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने सफाई दी और कहा कि जब ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक कांग्रेस में थे। कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे थे, तब कभी उनकी याद राहुल गांधी को नहीं आई। अब राहुल गांधी बताए कि किस मजबूरी के चलते कांग्रेस को सिंधिया की याद आ रही है।

राहुल गांधी की टिप्पणी को भ्रम बताते हुए सिलावट ने कहा कि अब हमारा जीना मरना भाजपा के साथ है। केंद्र में काबिज मोदी सरकार और प्रदेश में भाजपा संगठन के साथ मिलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके सभी समर्थक बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।



Related