जनपद अध्यक्ष चुनावः क्या भाजपा को सता रहा टूट का डर! वोटिंग से दो घंटे पहले ही पहुंचेंगे सदस्य


पार्टी को डर था कि उसके अंदर भी टूट हो सकती है ऐसे में सदस्यों को भेजने का फैसला किया गया। अब कहा जा रहा है कि सभी  सदस्य महू जनपद से केवल दो घंटे की दूरी पर हैं।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
महू जनपद पंचायत में एसडीएम अक्षत जैन और अन्य अधिकारियों ने दौरा कर ली व्यवस्थाओं की जानकारी


इंदौर। महू जनपद में भारतीय जनता पार्टी का खासा दबदबा है और यह जनपद सदस्यों के चुनाव में भी नज़र आया। जब पार्टी को 14 सीटों पर सफलता मिली। अब अध्यक्ष चुने जाने की बारी है लेकिन कहा जा रहा है कि मजबूती से चुनाव लड़ने वाली भाजपा  फिलहाल उतनी विश्वस्त नज़र नहीं आ रही है। यह इसलिए क्योंकि चुनाव के बाद भाजपा ने अपने सभी जनपद सदस्यों को अज्ञात स्थान पर भेज दिया है।

बताया जाता है कि पार्टी को डर था कि उसके अंदर भी टूट हो सकती है ऐसे में सदस्यों को भेजने का फैसला किया गया। अब कहा जा रहा है कि सभी  सदस्य महू जनपद से केवल दो घंटे की दूरी पर हैं और मेंडेट के बाद हाजिर हो जाएंगे।

25 सदस्यों वाले इस जनपद में इस बार भी भाजपा सदस्यों का बहुमत है। कुल 25 सदस्यों में से 14 भाजपा समर्थित, 9 कांग्रेस समर्थित तथा 2 निर्दलीय हैं। परिणाम आने के बाद से ही स्पष्ट हो गया था कि इस बार भी महू जनपद में भाजपा का ही अध्यक्ष बैठेगा। इसके लिए भाजपा की ओर से दो नाम तय नज़र आ रहे थे। इनमें एक सरदार मालवीय का था तो दूसरा  सुनीता लाहौरे का। अब बताया जा रहा है कि सरदार मालवीय का पलड़ा भारी है और उन्हें ही मौका दिया जाएगा।

भाजपा की चिंता की बात करें तो कुल जनपद सदस्यों में 9 कांग्रेसी और दो निर्दलीय हैं। ऐसे में भाजपा की जीत पक्की है लेकिन पार्टी को आंतरिक विरोध का भी डर था और आशंका थी कि पार्टी के लोग विरोधी खेमे को भी सर्मथन दे सकते हैं।इसके लिए इन सदस्यों को अन्य यानी कांग्रेसी संपर्कों से दूर रखने की योजना बनाई गई और इनके लिए ट्रिप प्लान किया गया। बताया जाता है कि अब तक ये सदस्य कई जगहों पर घूम कर आ चुके हैं और बुधवार को चुनाव से ठीक दो घंटे पहले महू पहुंच जाएंगे।

वहीं कांग्रेस भी जीत की उम्मीद कर रही है जो कि बेहद मुश्किल बताई जा रही है। कांग्रेस को उम्मीद है कि भाजपा की ओर से अध्यक्ष के उम्मीदवार का निर्णय होने के बाद उनके पास 11 सदस्य हो जाएंगे और वे किसी तरह भाजपा खेमे से चार सदस्य ले आएंगे। खबरों की मानें तो कांग्रेसियों की इस तोड़-फोड़ के लिए तैयारियां जारी हैं।

इस बीच अध्यक्ष के चुनाव के लिए भी तैयारियां जारी हैं।  मंगलवार को जनपद सीईओ हेमेंद्र सिंह चौहान इसकी तैयारियों में काफी व्यस्त नजर आए। वहीं एसडीएम अक्षत जैन और निर्वाचन अधिकारी प्रतुल सिन्हा भी चुनावी कार्यक्रम बनाने में व्यस्त रहे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार को जनपद पंचायत के उन कर्मचारियों को अवकाश पर रखा जाएगा जिनकी इस चुनाव में भूमिका नहीं है। जनपद पंचायत के बाहर  इसके लिए बैरिकेड भी लगा दिए गए हैं। जहां किसी को अंदर नहीं आने की अनुमति नहीं है।

चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हो जाएगी तथा 12 बजे मतदान शुरू किया जाएगा। मतदान के ठीक बाद मतगणना कर दी जाएगी। जिसमें संभवतः 1 घंटे का समय लगेगा, उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी महू जनपद पर भाजपा का कब्जा था लेकिन इस बार भाजपा के सदस्यों की संख्या कम हो गई है जिस कारण यह डर भाजपा को आने के बाद से ही सता रहा है

आशंका ये भी है कि भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध ना हो इसके लिए कांग्रेस की ओर से रमेश परमार का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में है। अब देखना यह है कि कल भाजपा के समर्थन में कितने सदस्य मतदान करेंगे। जनपद सीईओ हेमंत सिंह चौहान ने बताया कि जिला अधिकारियों के निर्देश पर सभी व्यवस्था पूरी कर ली गई हैं तथा परिसर में किसी प्रकार का विवाद न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन को भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के लिए कहा गया है।



Related