सोनू सूद ने बढ़ाया इंदौर की मदद को हाथ, निगम ने कारखानों से जुटाए सात सौ सिलेंडर


कलेक्टर मनीष सिंह ने एसडीएम के नेतृत्व में अलग अलग विभागों की टीमें गठित की हैं। ये दल शहर के उन हिस्सों में जाकर ऑक्सीजन सिलेंडर जुटाएंगें जहां उनकी उपलब्धता और उपयोग ज्यादा होता है।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

इंदौर। ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे शहर को अब सोनू सूद का सहारा मिला है। अभिनेता ने इंदौर में कोरोना मरीज़ों को आक्सीजन न मिलने की खबरें सुन यहां की मदद का फैसला लिया और दस ऑक्सीजन जनरेटर भेजे हैं।

इस बीच भिलाई स्टील प्लांट से भी जिले को 90 टन ऑक्सीजन मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद प्रधान को धन्यवाद दिया है।

वहीं जिला प्रशासन ऑक्सीजन की व्यवस्था करवाने में ख़ासा सक्रिय है। बुधवार को इसे लेकर स्थानीय अधिकारियों की बैठक भी हुई जिसमें कलेक्टर ने श्रम विभाग उद्योग विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को बुलाकर ऑक्सीजन की उपलब्धतता सुनिश्चित करने के लिए तैयारी करने को कहा है। इस बैठक में कई निर्देश कलेक्टर ने अपने कनिष्ठ अधिकारियों को दिये हैं।

कलेक्टर मनीष सिंह ने एसडीएम के नेतृत्व में अलग अलग विभागों की टीमें गठित की हैं। ये दल शहर के उन हिस्सों में जाकर ऑक्सीजन सिलेंडर जुटाएंगे जहां उनकी उपलब्धता और उपयोग ज्यादा होता है।

इस टीम ने अपने गठन के केवल दो घंटे बाद ही सौ से ज्यादा सिलेंडर खोज लिया। अब तक  निगम के पास 700 से ज्यादा सिलेंडर जमा हो चुके हैं, जिसका इस्तेमाल इंदौर के विभिन्न अस्पतालों में किया जा सकेगा। इसके तहत कुल 13 टीमें बनाई गई हैं। इसमें उद्योग विभाग, श्रम विभाग और नगर निगम को शामिल किया गया है।

नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता  के लिये समस्त जोनल अधिकारियों के साथ ही भवन अधिकारियों को अपने-अपने जोन क्षेत्रांतर्गत स्थित कारखाना, फैक्टरी, संस्थानों से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 



Related