भाजपा नेता व विधायक अजय विश्नोई ने मेनका गांधी को कहा ‘निहायत ही घटिया महिला’


जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक व वरिष्ठ नेता अजय विश्‍नोई के ट्वीट से एक बार फिर राजनीति गरमा गई है और इस बार उन्‍होंने भाजपा सांसद मेनका गांधी पर निशाना साधा है।


DeshGaon
जबलपुर Published On :
ajay-vishnoi

जबलपुर। जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक व वरिष्ठ नेता अजय विश्‍नोई के ट्वीट से एक बार फिर राजनीति गरमा गई है और इस बार उन्‍होंने भाजपा सांसद मेनका गांधी पर निशाना साधा है।

विश्नोई ने अपने ट्वीट में कहा है कि बीते दिनों सांसद मेनका गांधी ने पशु चिकित्‍सक डॉ. विकाश शर्मा से जिन शब्‍दों में बात की, उससे वेटरनरी कॉलेज जबलपुर घटिया सिद्ध नहीं हो जाता है, परन्‍तु यह जरूर सिद्ध हो जाता है कि मेनका गांधी निहायत ही घटिया महिला हैं, मैं शर्मिंदा हूं कि ये मेरी पार्टी की सांसद (नेता नहीं) हैं।

हालांकि, विश्नोई के इस बयान को भाजपा के प्रदेश भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव ने पार्टी गाइडलाइन के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला पर ऐसी टिप्पणी ठीक नहीं है। बता दें कि मेनका गांधी उत्‍तर प्रदेश के आंवला से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं।

दूसरी तरफ, विधायक विश्नोई अपनी बात पर अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने जो वीडियो मेनका गांधी का देखा, उस आधार पर मुझे लगा कि यह गलत है। उस महिला ने डॉक्टर के साथ ही उस संस्था का अपमान किया, जिसे मैं अपनी मां मानता हूं। पार्टी अगर इस संबंध में मुझसे कुछ पूछेगी, तो मैं अपनी बात रखूंगा।

मेनका गांधी ने नानाजी देशमुख पशु चिकित्‍सा विश्‍वविद्यालय जबलपुर के वेटनरी डॉक्‍टर विकास शर्मा से बातचीत में जिस तरह से पूरे वेटनरी कॉलेज को घटिया कहा था उससे जबलपुर में उनके खिलाफ जमकर आक्रोश दिख रहा है। इसके बाद भाजपा विधायक ने उनके खिलाफ ट्वीट किया है।

बता दें कि भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के खिलाफ देशभर में पशु चिकित्‍सक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जबलपुर के वेटनरी डॉक्‍टरों और छात्रों ने भी प्रदर्शन किया और उन्होंने मेनका गांधी के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस थाना में शिकायत भी दी है।

21 जून को एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें चंडीगढ़ में प्रैक्टिस कर रहे जबलपुर वेटनरी विवि में पढ़े वेटनरी डॉक्‍टर विकास शर्मा से मेनका गांधी की फोन पर बात हुई थी।

चंडीगढ़ निवासी अंजलि चौधरी अपने पालतू कुत्‍ते का इलाज कराने डॉक्‍टर शर्मा के पास गई थी। ऑपरेशन के बाद टांका टूट गया। बाद में पालतू कुत्‍ते का पैर काटना पड़ा, जिसकी शिकायत अंजलि चौधरी ने मेनका गांधी से की थी।



Related