मंत्रियों ने रेवा कुंड में मां नर्मदा की आरती व दीप प्रज्ज्वलन कर किया मांडू उत्सव का शुभारंभ


प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति, अध्यात्म विभाग मंत्री उषा ठाकुर ने इस दौरान कहाकि हमें वैदिक जीवन पद्धति को अपनाना होगा। वहीं औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने बताया कि बैलून राइड के जरिये मांडू की खूबसूरती देखने का अनुभव अद्भुत रहा।


DeshGaon
घर की बात Published On :
mandu utsav starts

धार। ऐतिहासिक नगरी मांडव में “मांडू उत्सव” का शुभारंभ प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति, अध्यात्म विभाग मंत्री उषा ठाकुर, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने गुरुवार को पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मंत्री उषा ठाकुर ने उपस्थित समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि परंपराओं को सर्वाधिक सम्मान देने वाला और बड़ों के आर्शीवाद से कार्य प्रारंभ करने वाला हमारा देश है। इस कार्यक्रम में आप सभी लोगों की उपस्थिति हमारी उर्जा में संचार का कार्य करती है।

मांडू उत्सव की शुरुआत मां रेवा कुंड में मां नर्मदा की अर्चना से हुआ है। उन्होंने कहा कि मांडू का सौंदर्य किसी से छुपा नहीं है। 75 हजार प्रकार के फल-फूल हैं, जिसका 45 हजार प्रकार के जीव-जंतुओं द्वारा संतुलन बना है। इन सबके संरक्षण के लिए हमें वैदिक जीवन पद्धति को अपनाना होगा।

मां नर्मदा के दर्शन मात्र से पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने लोगों से कहा कि सभी एक पौधा अवश्य लगाएं। अपने बच्चों के जन्मदिन व सालगिराह पर एक पौधे को वृक्ष बनाने का प्रण लें। इसके लिए हम सब एक सामूहिक अभियान चलाएं। इससे भूमि में जल की मात्रा में बढोतरी होगी और वातावरण में तापमान भी कम होगा।

क्रांतिकारियों ने हमें स्वतंत्रता दी है, उसका संरक्षण करना हमारा दायित्व है। अपने घर के बैठक कक्ष में एक क्रांतिकारी का फोटो जरूर लगाएं, जिससे हमें सदैव उनसे प्रेरणा मिल सके।

mandu usha thakur

मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कार्यक्रम में कहा कि शासन के प्रयासों से यहां कई लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मांडू को प्रमोट करने के लिए हर प्रकार से प्रयास किए जाएंगे। उत्सव में बैलून राइड के जरिये मांडू की खूबसूरती देखने का अनुभव अदभूत रहा।

मांडू कई मायने में हमें बहुत कुछ सिखाता है। वर्ल्ड हेरिटेज सूची में मांडू का नाम दर्ज कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। यहां पर्यटकों के नाइट स्टे के लिए और प्रयास किए जाएं जिससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिले।

यहां आने वाले पर्यटकों को सुझाव देने के लिए व्यवस्था की जाए जिससे हम यहां और बेहतर सुविधाएं दे सकें। सभी लोग उत्सव में कोरोना अनुकुल व्यवहार का पालन करें।

dhar hot air balloon

सांसद छतरसिंह दरबार ने कहा कि हमारा जिला ऐतिहासिक व धार्मिक स्थानों में बसा हुआ है। इससे हमारा गौरव प्रदर्शन होता है। वर्ल्ड हेरिटेज सूची में मांडू का नाम दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए केंद्र से फंड लाने के सभी प्रयास किए जाएंगे। इसके विकास के लिए मैं तत्पर प्रयास करूंगा। इसे और विकसित व वैभवशाली बनाने के लिए हम सब को प्रयास करना होगा।

आरंभ में पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला द्वारा मांडू उत्सव की रूपरेखा से अतिथि मंत्रियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के पूर्व मंत्रीद्वय द्वारा मांडू में निर्मित टेंट सिटी का शुभारंभ तथा रेवा कुंड में पूजन-अर्चन कर मां नर्मदा की आरती की गई।

मांडू उत्सव के दौरान पूरे शहर को रंग-बिरंगी लाइट से सजाया गया है। फूड जोन में पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।

मांडू उत्सव में स्टोरी टेलिंग, इंस्टाग्राम लाइव टूर, क्लेमैपिंग आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी आदि गतिविधियां दो माह तक निरंतर जारी रहेंगी। मांडू फेस्टिवल में हॉट एयर बैलून की उड़ान और साहसिक गतिविधियां भी प्रतिवर्ष की तरह संचालित हो रही हैं। साथ ही कला प्रदर्शनी, विलेज टूर, म्यूजिक डिस्ट्रिक्ट, फूड डिस्ट्रिक्ट रूरल टूरिज्म, हेरिटेज वाक और कई तरह की गतिविधियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. पंकज जैन, पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह, राजीव यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष मालती गावर, विश्वास पांडे सहित जन प्रतिनिधिगण व आम जनता उपस्थित थी।



Related