दिग्विजय सिंह के बाद अब एक और कांग्रेस नेता ने शुरू की नर्मदा यात्रा


प्रजापति ने यह यात्रा वाहन से शुरू की है उनके साथ कुछ परिजन और खास पारिवारिक मित्र हैं।


DeshGaon
नरसिंहपुर Published On :

नरसिंहपुर। मप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व गोटेगांव विधायक नर्मदा प्रसाद प्रजापति नर्मदा परिक्रमा पर निकले हैं।

राजनैतिक व्यक्ति अगर कोई व्यक्तिगत कार्य भी करें तो वह सुर्खियों में रहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा भी इसी तरह सुर्खियों में रही। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा नरसिंहपुर जिले के बरमान से ही शुरू की थी और यहीं उसका समापन किया था।

अब एक और कांग्रेस नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने नर्मदा परिक्रमा प्रारंभ की है। उन्होंने यह यात्रा बरमान तट से पूजन अर्चन के साथ शनिवार को शुरु की। विशेष वाहन से शुरू की यह यात्रा 13 दिन तक चलेगी जो नरसिंहपुर से ओंकारेश्वर होते हुए आगे बढ़ेगी। इस यात्रा में उनके पारिवारिक सदस्य कुछ खास मित्र शामिल हैं। यात्रा की शुरुआत पर तेंदूखेड़ा विधायक संजय शर्मा जिला कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

नरसिंहपुर जिले से यह पदयात्रा इसलिए और मायने रखती है कि यहां केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने भी सबसे पहले नर्मदा परिक्रमा की थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी सुर्खियों में रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का यह कहना था कि उन्होंने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के आशीर्वाद से यह यात्रा की।