सर्किट हाउस में दुष्‍कर्म का आरोपी महंत सीताराम दास सिंगरौली में एक सैलून से गिरफ्तार


आरोपी महंत को पुलिस ने सैलून से उस समय गिरफ्तार किया जब वह बाल कटवाकर वेश बदलने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान सैलून वाले ने आरोपी महंत को पहचान लिया और उसे बातों में उलझाकर पुलिस को खबर कर दी जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।


DeshGaon
रीवा Published On :
rape accused mahant arrested

रीवा। रीवा शहर के बीचोबीच स्थित सर्किट हाउस में महंत सीताराम दास सहित चार अन्य लोगों पर एक नाबालिग से सामूहिक दुष्‍कर्म का आरोप लगने के बाद पुलिस ने आरोपी महंत को सिंगरौली से गिरफ्तार कर लिया है।

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी महंत को टीआई यूपी सिंह एवं डीएसपी राजीव पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महंत को पुलिस ने सैलून से उस समय गिरफ्तार किया जब वह बाल कटवाकर वेश बदलने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान सैलून वाले ने आरोपी महंत को पहचान लिया और उसे बातों में उलझाकर पुलिस को खबर कर दी जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

दुष्कर्म पीड़िता के बयान के आधार पर सिविल लाइन पुलिस में मामला दर्ज कर जहां हिस्ट्रीशीटर विनोद पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया था, वहीं अन्य तीन की तलाश तेज कर दी गई थी।

उक्त वारदात शहर के सबसे पॉश एरिया सर्किट हाउस में हुई। 28 मार्च की शाम आरोपी एनेक्सी भवन रूम नंबर-4 में ठहरा हुआ था। इस दौरान महंत की जान-पहचान का हिस्ट्रीशीटर बदमाश लड़की को वहां लेकर गया।

किशोरी को यह कहा गया था कि महंत के विशेष आशीर्वाद से उसके बिगड़े काम बन जाएंगे क्योंकि उक्त महंत को विशेष आशीर्वाद प्राप्त है।

किशोरी को वहां पहले शराब पिलाने की कोशिश की गई। बाद में उसे कमरा में बंद कर हवस का शिकार बनाया गया। रूम हिस्ट्रीशीटर के नाम पर ही बुक था।

आरोपी महंत श्रीराम जन्मभूमि न्यास के पूर्व सदस्य व पूर्व सांसद रामविलास वेदांती का शिष्य है। उक्त महंत न केवल उनका शिष्य है बल्कि परिवार के नाते रामविलास वेदांती का नाती लगता है जो कि जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गुढ़वा वर्क का रहने वाला है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि

गत सोमवार शाम अकौरी थाना नईगढ़ी निवासी विनोद पांडेय के बुलाने पर किशोरी सतना से रीवा आई थी। किशोरी को झांसा देकर महंत से मिलने सर्किट हाउस लाया गया था। उसे पहले सैनिक स्कूल के पास बुलाया गया। फिर वहां से गाड़ी में बैठकर सर्किट हाउस के अंदर लाया गया। नाबालिग को महंत सीताराम उर्फ समर्थ त्रिपाठी से विनोद पांडेय ने मिलवाया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वहां महंत, विनोद और एक अन्य लोग शराब पी रहे थे। उसे भी शराब पिलाना चाही। लेकिन शराब पीने से मना कर दिया जिसके बाद कमरे में मौजूद अन्‍य बाहर चले गए जबकि कमरे में मौजूद महंत ने उसे अपने हवस का शिकार बनाया। महंत ने गलत काम करने के बाद अपने अन्य सहयोगियों से उसे घर छोड़ आने को कहा। अन्य लोगों ने उसे किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिसके बाद पीड़िता अपने घर सतना पहुंची, उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने स्वजन को दी। गत 29 मार्च की शाम पिता के साथ रीवा के सिविल थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है।

बता दें कि रीवा में समदड़िया मॉल के उद्घाटन पर आरोपी के गुरु और श्रीराम जन्मभूमि न्यास के पूर्व सदस्य व पूर्व सांसद रामविलास वेदांती की कथा का आयोजन होने वाला है। 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक हनुमान कथा और अष्टोत्तर शत रुद्राभिषेक का कार्यक्रम रखा गया है। इसी की तैयारी के लिए वेदांती महाराज का आरोपी शिष्य सीताराम दास रीवा आया हुआ था।

महंत सीताराम को विगत एक माह से जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा विशेष महत्व दिया जा रहा था। जहां भी महंत दर्शन करने जाता वहां पर पुलिस की विशेष व्यवस्था की जाती थी जिससे महंत का प्रोटोकॉल मजबूत हो सके उसे दर्शन करने में दिक्कत ना हो। हाल में ही उसने कई मंदिरों के दर्शन किए थे जिसमें उसे वीवीआईपी प्रोटोकॉल दिया गया था।



Related