पीएम मोदी की हत्या की बात बोलने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया का वीडियो वायरल, सीएम व गृहमंत्री ने दी प्रतिक्रिया


पटेरिया ने बयान पर विवाद के बाद कहा कि वे गांधी को मानने वाले हैं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। उनके वीडियो को गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।


DeshGaon
घर की बात Published On :
raja pateria video viral

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने पन्ना में हुई एक सभा में लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की बात कही। कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

सीएम चौहान ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वाले अब द्वेषता की बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिल में बसते हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस नेता जहर उगल रहे हैं। ये घृणा की अति है।

उन्होंने आगे कहा कि मैदान में उनका मुकाबला नहीं कर पाते तो अब प्रधानमंत्री की हत्या की बात कर रहे हैं। यही कांग्रेस का असली चरित्र है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम इस तरह की बात स्वीकार नहीं करेंगे। हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। कानून अपना काम करेगा।

बता दें कि इससे पहले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया पर एफआईआर के निर्देश दिए जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पटेरिया के खिलाफ एक मामला पन्ना के पवई थाने में दर्ज किया गया है। हालांकि, पटेरिया ने बयान पर विवाद के बाद कहा कि वे गांधी को मानने वाले हैं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। उनके वीडियो को गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।

पूर्व मंत्री ने यह कहा है वीडियो में –

पटेरिया का यह बयान 11 दिसंबर का है। वे पन्ना जिले के मंडलम में कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे। तभी उन्होंने कहा- मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा। मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा। दलितों का, आदिवासियों का और अल्पसंख्यकों का भावी जीवन खतरे में है। संविधान अगर बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो। हत्या इन द सेंस … हराने के लिए तैयार रहो।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी जांच की मांग करते हुए ट्वीट किया है कि पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या के लिए जनता ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाना अत्यंत गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्यप्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत तोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई? इसकी जांच होनी चाहिए।



Related






ताज़ा खबरें