केजरीवाल-मान आज करेंगे मध्यप्रदेश में ‘आप’ का चुनावी शंखनाद, एक लाख लोगों को करेंगे संबोधित


चुनावों को देखते हुए केजरीवाल प्रदेश में बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार आप की सरकार दिल्ली में बहुत सस्ती बिजली, गरीबों को मुफ्त गुणवत्ता वाली शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहे हैं।


DeshGaon
राजनीति Published On :
aap rally in mp kejriwal mann

भोपाल। मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) अपने पैर पसारने की तैयारी में लग गई है और विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से लड़ने की तैयारी कर रही है। इसी के मद्देनजर प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

दूसरी तरफ, आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं।

यहां आप की सभा हो रही है, जिसमें प्रदेशभर से पार्टी के हजारों कार्यकर्ता व एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सुबह तकरीबन 11 बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, सभा में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक, विधायक भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश के प्रभारी मुकेश गोयल भी उपस्थित रहेंगे।

चुनावों को देखते हुए केजरीवाल प्रदेश में बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार आप की सरकार दिल्ली में बहुत सस्ती बिजली, गरीबों को मुफ्त गुणवत्ता वाली शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहे हैं।

मध्यप्रदेश में वर्तमान भाजपा नीत सरकार द्वारा ये चीजें नहीं दी जा रही हैं। यहां बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं बहुत महंगी हैं। इस रैली से केजरीवाल मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

प्रदेश में अभी तक भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होता था, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस रैली पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की नज़र है।



Related