दिल्ली के बाद अब भोपाल में भी होगा भाजपा का पांच सितारा सुविधाओं वाला पार्टी कार्यालय


सौ करोड़ रुपये से बनाए जा रहे इस भाजपा के नए दफ्तर पर कांग्रेसियों ने किया तंज़ तो भाजपा नेता अग्रवाल ने दिया तीख़ा जवाब


DeshGaon
राजनीति Published On :
दिल्ली में पार्टी का मुख्यालय


भोपाल। देश की सबसे धनी पार्टी भाजपा ने दिल्ली में आलीशान कार्यालय तैयार किया है और अब ऐसा ही कुछ भोपाल में होने वाला है। खबरों की मानें तो इस नए दस मंजिला दफ्तर पर पार्टी करीब सौ करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है और कोशिश की जा रही है कि यह कार्यालय विधानसभा चुनावों के पहले ही तैयार कर लिया जाए। दिल्ली में पार्टी मुख्यालय की ही तरह यह भवन भी तमाम आधुनिक सुखसुविधाओं के साथ होगा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में पार्टी का कार्यालय  1.70 लाख वर्ग फुट में तैयार किया गया है। दावा किया जाता है कि यह कार्यालय दुनिया के किसी भी दूसरे पार्टी कार्यालय से बड़ा है।

प्रदेश में भाजपा का कार्यालय कांग्रेस के कार्यालय से कहीं अधिक सुविधाजनक और बड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुराने आरटीओ कार्यालय में ही पार्टी का यह नया कार्यालय बनाया जा रहा है। इस करीब 50 हजार वर्गफुट में बनाया जाएगा। व्यवस्थाओं का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी छत पर सीधे हैलीकॉप्टर उतारा जा सकेगा। बड़े नेताओं के लिए यहां रेस्ट रूम भी होंगे और पार्टी के कार्यक्रमों के लिए बड़ा मैदान और पार्किंग एरिया भी यहां बनाया जाएगा। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयराजे सिंधिया  सरीख़े पुराने नेताओं की प्रतिमाएं भी यहां लगाई जाएंगी।

इस जमीन पर बनाया जाना है पार्टी का नया दफ्तर

इसे लेकर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा का बयान आया है कि  ‘भ्रष्टाचार के पैसे से भाजपा दफ्तर का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में अस्पतालों के निर्माण में भ्रष्टाचार हो रहा है। काली कमाई बीजेपी कार्यालय में लगाने की तैयारी चल रही है। बीजेपी आरटीओ की बेशकीमती जमीन भी हड़पने जा रही है। इसलिए आरटीओ कार्यालय में बीजेपी दफ्तर शिफ्ट किया जा रहा है।’

 

दिल्ली में पार्टी मुख्यालय

वहीं यूथ कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, ‘सत्ताधारी पार्टी हजारों लोगों का घर उजाड़कर अपने लिए महल बना रही है। इससे शर्मनाक क्या हो सकता है। प्रदेश का भविष्य कुपशन से जान गंवा रहा है। युवा बेरोजगारी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन भाजपा नेताओं को सिर्फ अपने ऐशो आराम की पड़ी है।’ हालांकि अब तक भाजपा इसका बहुत ज्यादा प्रचार नहीं कर रही है लेकिन पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस के इस तंज़ पर तीखा पलटवार किया है।

कांग्रेस के इस आरोप पर भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि ‘बात चली है तो दूर तक जाएगी। कांग्रेस ट्रस्टों के पास 10 हजार करोड़ की संपत्ति है। ट्रस्टों की अध्यक्ष या पदेन महोदया हैं। ये संपत्ति कांग्रेस के ट्रस्टों के पास कहां से आई है, पहले इसका जवाब देना चाहिए?’ हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए कहा जा सकता है कि भाजपा नेता का यह पलटवार काफ़ी मज़बूत रहा है और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर सीधा हमला है।



Related