गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत तो कांग्रेस ने जीता हिमाचल


गुजरात में कांग्रेस को बड़ी निराशा मिली है और करीब 60 सीटों का नुकसान हुआ है वहीं हिमाचल में भाजपा को हार मिली है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

भोपाल। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ गए। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने सभी समीकरणों से परे जाकर रिकार्ड जीत हांसिल की है तो वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। गुजरात में भाजपा ने 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले इतनी बड़ी जीत कांग्रेस पार्टी ने साल 1985 में दर्ज की थी जब उन्हें 149 सीटें मिली थीं लेकिन अब कांग्रेस काफी ज्यादा सिमट चुकी है और उसे केवल 17 सीटें मिली हैं। यहां पार्टी को 60 सीटों का नुकसान हुआ है।

गुजरात चुनावों में आप पार्टी ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी ने 40 सीटों पर अपना प्रभाव छोड़ा है और एक तरह से कांग्रेस के वोटबैंक में सेंध मारी की है। यही वजह है कि कांग्रेस भाजपा के मुकाबले काफी पीछे रह गई। इस तरह गुजरात राज्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस बात को सच कर दिखाया है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उनका यानी नरेंद्र मोदी का भी रिकार्ड तोड़ेंगे। यह बात उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कही थी।

गुजरात से निराश कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल कर लिया है। यहां हिमाचल की जनता का बनाया हुआ रिवाज कायम है यानी एक बार फिर सरकार बदली गई है। राज्य की 68 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं पिछले चुनावों में यहां सत्ता में आने वाली भाजपा 25 पर सिमट गई है। दिलचस्प बात यह है कि पिछली सरकार में मंत्री बने 10 प्रत्याशियों में से 8 चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस के लिए यहां 40 सीटें जीतना जरूरी माना जा रहा था क्योंकि भाजपा के बागी भी चुनावों में आगे चल रहे थे और माना जा रहा था कि अगर मामला फंसा तो ये बागी भाजपा की सरकार बनाएंगे लेकिन कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार कर लिया है।



Related