भारत जोड़ो यात्रा ने किया मध्यप्रदेश में प्रवेश, राहुल गांधी बोले- हिंदुस्तान में किसी को डरने की जरूरत नहीं


भारत जोड़ो यात्रा चार दिसंबर तक मध्यप्रदेश में रहेगी। राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई यह यात्रा बुधवार सुबह छह बजे मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित ग्राम बोदरली पहुंची।


Manish Kumar Manish Kumar
राजनीति Published On :
Bharat Jodo Yatra Burhanpur Bordali Village

बुरहानपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में बुधवार से बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से शुरू हो होकर दरियापुर पहुंची, जहां राहुल गांधी ने चाय पी और फिर यात्रा आगे के लिए शुरू की।

राहुल गांधी ने यात्रा शुरू करने से पहले बोदरली बस स्टैंड पर मंच से कहा कि इस प्यार और स्नेह के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। जब यात्रा शुरू की थी तो विपक्ष ने कहा था इतने बड़े देश को पैदल नहीं नापा जा सकता।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह डर फैला कर हिंसा करते हैं। युवाओं में बेरोजगारी का डर, मजदूरों में मनरेगा के तहत काम ना देकर डर और किसानों को उपज का सही मूल्य न देकर डर फैलाते हैं।

बोदरली से प्रारंभ हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वे उनके साथ चलने के लिए बार-बार आगे आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से सीमित लोग ही उनके पास पहुंच रहे हैं।

bharat jodo yatra burhanpur

राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद हैं। बुरहानपुर में हर जगह पुलिसबल तैनात हैं। वहीं, कार्यकर्ताओं का यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचना जारी है।

लगभग एक किलोमीटर से अधिक लंबी यात्रा है। रास्ते में जगह-जगह खड़े कार्यकर्ता जोर-शोर से नारा लगा रहे हैं- नफरत छोड़ो भारत जोड़ो। इसके साथ ही वह राहुल गांधी का यह कह कर स्वागत कर रहे हैं कि मध्यप्रदेश में आपका स्वागत है।

इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया है कि आज से भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही है। देशवासियों के समर्थन से राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रेम व प्रगति का कारवां मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा चार दिसंबर तक मध्यप्रदेश में रहेगी। राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई यह यात्रा बुधवार सुबह छह बजे मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित ग्राम बोदरली पहुंची।

राहुल गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे और यात्रा का रात्रि विश्राम बुरहानपुर में होगा। गुरुवार को यात्रा खंडवा जिले में प्रवेश करेगी, जहां से राहुल गांधी सुबह दस बजे पंधाना विधानसभा क्षेत्र के बड़ौदा अहीर पहुंचेंगे।

Bharat Jodo Yatra Burhanpur Bordali

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बताया कि प्रदेश में निकाली गईं 17 उपयात्राएं अलग-अलग स्थानों पर भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होंगी। प्रत्येक दिन की यात्रा समाज विशेष को समर्पित होगी।

एक-एक दिन बलिदानी सम्मान, अन्नदाता सम्मान, दिव्यांग सम्मान, श्रम शक्ति सम्मान, वरिष्ठजन सम्मान, प्रबुद्धजन सम्मान, व्यापार जगत सम्मान, नारी सम्मान, जय जवान सम्मान, खिलाड़ी सम्मान , कला सम्मान, सर्वधर्म सर्व समाज सम्मान और कोरोना श्रद्धांजलि यात्रा के रूप में होगी।



Related