निर्भय सिंह पटेल को भाजपा ने बनाया अधिकृत प्रत्याशी, कांग्रेस के मनोज गौतम को देंगे टक्कर


पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और धार विधायक नीना वर्मा की पहल पर पटेल के भाजपा में आने की बात सामने आई है। हालांकि संगठन ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया है।


DeshGaon
धार Published On :
dhar ward 14

धार। जिले में पंचायत चुनाव का खुमार जारी है। पहला चरण पूरा हो चुका है। अब दूसरे और तीसरे चरण का चुनाव प्रचार जारी है। इस बीच बड़ी खबर नालछा की सामान्य सीट वार्ड-14 से आई है।

इस सीट पर भाजपा का कोई उम्मीदवार मैदान में अब तक नहीं था। इसकी वजह यह है कि भाजपा ने इस सीट से किसी भी प्रत्याशी को अधिकृत न करते हुए फ्री फॉर ऑल कर दिया था।

हिंदू संगठन के निर्भय सिंह पटेल और भाजपा से अशोक जाट व धर्मेंद्र सिंह जंवरा चुनाव मैदान में हैं, लेकिन सोमवार को कोर कमेटी के निर्णय के बाद भाजपा ने वार्ड-14 के लिए हिंदू संगठन से जुड़े निर्भय सिंह पटेल को अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर सबको चौंका दिया है।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। अब इस सीट पर मुकाबला और भी रोचक हो जाएगा। इसकी वजह यह है कि यहां पर कांग्रेस की तरफ से पूर्व जिपं अध्यक्ष मनोज सिंह गौतम प्रत्याशी हैं।

धार विधायक की पहल –

भाजपा ने ऐनवक्त पर पटेल को अधिकृत कर नया दांव खेला है। पटेल की जमीनी पकड़ नालछा-दिग्ठान क्षेत्र में काफी मजबूत रही है। शुरुआत से हिंदू संगठन में कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले पटेल पहली बार चुनाव मैदान में हैं।

हर साल नवरात्रि में दिग्ठान वाली माता मंदिर तक पटेल नौ दिनी चुनरी यात्रा निकालते हैं। इसके अलावा संगठन से जुड़े सारे काम में सक्रिय रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और धार विधायक नीना वर्मा की पहल पर पटेल के भाजपा में आने की बात सामने आई है। हालांकि संगठन ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया है।

अब बागियों को बैठाने की चुनौती –

भाजपा ने निर्भय सिंह पटेल को अधिकृत कर दिया है, लेकिन अब भी दो बागी मैदान में हैं। इनमें धर्मेंद्र सिंह जंवरा और अशोक जाट शामिल हैं। बड़ी परेशानी की वजह धर्मेंद्र सिंह जंवरा बन सकते हैं।

भाजपा में पुराने कार्यकर्ताओं और नालछा-दिग्ठान सहित आसपास के इलाकों में पंचायत नेताओं में जंवरा की खासी पहचान मानी जाती है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की राह भी आसान नहीं होने वाली है।

बदनावर में मंत्री के खास समर्थक की करारी हार –

पहले चरण में बदनावर के 4, डही व बाग में दो-दो, कुक्षी व निसरपुर के एक-एक वार्ड में जिपं सदस्यों के चुनाव हुए हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के क्षेत्र में जिपं सदस्यों के लिए चार वार्ड में हुए चुनाव में मंत्री के खास समर्थक व सांसद का चुनाव हार चुके दिनेश गिरवाल को भाजपा ने एक नंबर से चुनाव लड़ाया था।

इसी सीट पर कांग्रेस ने अशोक नंदू डावर को मैदान में उतारा था। मतदान के बाद आए रुझान में डावर को 2300 अधिक मत मिले हैं। वहीं गिरवार की हार ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है।

मनोज गौतम का प्रचार जारी –

इधर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में वार्ड-14 में गौतम अकेले प्रत्याशी है इसलिए उनके लिए फिलहाल किसी तरह की चुनौती नहीं है। ऐसे में गौतम अपने समर्थकों के साथ नालछा सीट की पंचायतों में जनसंपर्क में जुटे हैं।

कांग्रेस का जिला संगठन भी इस सीट पर खासा सक्रिय है। इस सीट को जीतने के लिए कांग्रेस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है।

दोनों प्रत्याशी कितने अमीर –

भाजपा के निर्भय सिंह पटेल : नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त दिए गए शपथ पत्र में पटेल ने अपनी अचल संपत्ति की जानकारी निरंक रखी है जबकि चल संपत्ति के रूप में 2 लाख 67 हजार रुपये व पत्नी के पास 2 लाख 85 हजार रुपये दर्शाये हैं।

कांग्रेस के मनोज सिंह गौतम : नामांकन पत्र में दिए शपथ पत्र अनुसार गौतम की चल संपत्ति 2 करोड़ 32 लाख 99 हजार 528 रुपये है जबकि 32 करोड़ 82 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्शायी है।

हालांकि 51.67 लाख रुपये का विभिन्न संस्थाओं का ऋण भी है। पत्नी के पास 52.91 लाख की चल संपत्ति व 17.45 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।

इसके साथ ही बेटे हर्षवर्धन सिंह के पास 97.76 लाख रुपये की चल व 63.50 लाख रुपये अचल संपत्ति होने की जानकारी चुनाव आयोग को दी है।



Related