भाजपा या कांग्रेस, किसका होगा जिला पंचायत अध्यक्ष, तय करेंगे दो निर्दलीय


जिला पंचायत में 26 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के 13-13 समर्थित सदस्य चुनाव जीते हैं। वहीं दो सदस्य निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीते हैं। सदस्य संख्या बराबर होने पर दोनों दलों में अध्यक्ष निर्वाचित करने को लेकर कश्मकश बढ़ गई है।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
bjp vs congress

धार। धार जिला पंचायत के 28 वार्डों में विजेता जिपं सदस्यों के निर्वाचित होने की घोषणा और प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने के लिए 28 जिपं सदस्यों में महज 6 सदस्य ही पहुंचे थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डॉ. पंकज जैन ने प्रत्येक सदस्य के निर्वाचित होने की घोषणा करने के साथ प्रमाणपत्र लेने के लिए उद्घोषणा की।
कांग्रेस समर्थित 6 जिला पंचायत निर्वाचित सदस्य शिखा निर्देश सोनगरा, मनोज सिंह गौतम, गायत्री पुरोहित, सीमा करण रावत, अजीतपाल सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर अपनी जीत का प्रमाणपत्र हासिल किया।

भाजपा समर्थित 13 सदस्य जिला पंचायत में विजयी हुए हैं। भाजपा की ओर से एक भी सदस्य प्रमाणपत्र लेने नहीं पहुंचा था। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने मौके पर उपस्थित होकर भाजपा प्रत्याशियों को मिले वोटों को नोट किया।

टूट-फूट का डर –

जिला पंचायत में 26 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के 13-13 समर्थित सदस्य चुनाव जीते हैं। वहीं दो सदस्य निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीते हैं। सदस्य संख्या बराबर होने पर दोनों दलों में अध्यक्ष निर्वाचित करने को लेकर कश्मकश बढ़ गई है।

इधर दोनों दलों में सदस्यों के समर्थन की तोड़फोड़ की आशंका बढ़ गई है। हाईप्रोफाईल भाषा में इसे हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा कहा जाता है। इस खतरे से बचने के लिए समर्थित सदस्यों को देव-दर्शन और पिकनिक पर भेज दिया गया है।

अध्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम 29 जुलाई को होगा। 14 दिन तक सदस्यों को क्षेत्र और अन्य लोगों के संपर्क से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।

संख्या में कांग्रेस मजबूत, गुटबाजी मुश्किलें –

अभी तक के परिदृश्य में सदस्य संख्या में बराबर चल रहे दोनों दलों में कांग्रेस ने एक सदस्य की बढ़त बना ली है। धरमपुरी के वार्ड 28 से निर्दलीय निर्वाचित राजू बेन चौहान का जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह गौतम ने माला पहनाकर स्वागत किया।

सूत्रों की माने तो इनका निष्कासन भी कांग्रेस ने समाप्त कर दिया है। इसी के साथ कांग्रेस की सदस्यों की संख्या करीब 14 हो गई है। एक निर्दलीय कपिल सोलंकी का समर्थन मिलने पर 15 हो जाएगी।

तमाम परिस्थितियां और संख्या कांग्रेस के अनुकूल दिखने के बावजूद राजनैतिक गलियारों में कांग्रेस की गुटबाजी के कारण अध्यक्ष निर्वाचित करवाने में सफल नहीं होने की चर्चा है।

कलेक्टर ने भाजपा नेता को कहा- नियम नहीं

शुक्रवार को धार पोलोटेक्निक कॉलेज में जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष वार्ड 10 की भाजपा समर्थित विजेता प्रत्याशी संगीता हेमसिंह पटेल का निर्वाचन प्रमाणपत्र लेने के लिए भाजपा नेता समंदर सिंह पटेल पहुंचे थे।

कलेक्टर डॉ. जैन ने अभ्यर्थी को ही निर्वाचन प्रमाणपत्र देने के नियम का हवाला देकर पटेल को लौटा दिया। महज आधे घंटे के अंदर निर्वाचन की घोषणा और प्रमाणपत्र वितरण संपन्न हो गया।

बैठक में तय होगा अध्यक्ष का नाम –

कांग्रेस में अध्यक्ष पद के नाम को लेकर चल रही खींचतान का पटाक्षेप होने वाला है। प्रमुख नामों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनो जसिंह गौतम को लोकप्रिय चेहरा माना जा रहा है।

इसके अतिरिक्त 22 वर्षीय सबसे कम उम्र की जिपं सदस्य गायत्री पुरोहित को भी नामों को लेकर विवादों के चलते विचारणीय नाम माना जा रहा है।

सदस्य संख्या पर्याप्त होने के बावजूद मतभेदों की स्थितियों के चलते अध्यक्ष नाम चयन को लेकर कांग्रेस की बैठक होने वाली है जिसमें सर्वसम्मति से नाम तय किया जाएगा।

भाजपा में भी मंथन जारी –

भारतीय जनता पार्टी के अंदरखाने में अध्यक्ष पद के नाम को लेकर विमर्श चल रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि प्रदेश संगठन जो नाम तय करेगा। सदस्य उसका समर्थन करेंगे।

पार्टी यहां पर कांग्रेस से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा पर भी नजर लगाए हुए है। दरअसल सबकुछ समीकरणों पर टिका हुआ है। भाजपा के पास आदिवासी पुरुष चेहरे में सरदार मेड़ा, शिवराम कन्नौज का प्रमुख नाम है।

ओबीसी वर्ग में विक्रम पटेल, चंचल पाटीदार है। सामान्य वर्ग से महिला सदस्य संगीता पटेल, टीना पिपलीपाड़ा नाम है।



Related