धारः भाजपा की नेहा बोड़ाने नपा अध्यक्ष और मयंक म्‍हाले बने उपाध्‍यक्ष


भाजपा की कुशल रणनीति और संगठन की मजबूती के चलते भाजपा ने नगरपालिका धार पर पांच साल का सूखा खत्‍म करते हुए अपनी जीत दर्ज की।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
dhar municipal president

धार। भारतीय जनता पार्टी ने पांच साल के सूखे के बाद दोबारा धार नगरपालिका पर अपना कब्‍जा जमा लिया है। पार्षदों का बहुमत प्राप्‍त करने के बाद रविवार को नगरपालिका अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया हुई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया करवाई गई। भाजपा की तरफ से अधिकृत उम्‍मीदवार के तौर पर नेहा महेश बोढ़ाने ने बहुमत हासिल किया।

निर्वाचन के दौरान भाजपा की नेहा बोढ़ाने को 30 में से 19 वोट मिले जबकि कांग्रेस की मीना डोड को 10 वोट ही आए। वहीं एक वोट रद़द हो गया। निर्वाचन अधिकारी व कलेक्‍टर प्रियंक मिश्रा ने परिणाम की घोषणा की।

घोषणा के बाद समर्थकों में जश्‍न का माहौल शुरू हो गया। नपा परिसर में ढोल-ताशों पर कार्यकर्ता थिरकने लगे। बड़ी संख्‍या में भाजपा कार्यकर्ता परिसर में डटे हुए थे जबकि अध्‍यक्ष की घोषणा होते ही कांग्रेसी नेताओं ने मैदान छोड़ दिया।

चुनाव के दौरान चमत्‍कार के इंतजार में बैठे कांग्रेस नेताओं को अंतत: परिणाम आने के बाद निराशा ही हाथ लगी। भाजपा की कुशल रणनीति और संगठन की मजबूती के चलते भाजपा ने नगरपालिका धार पर पांच साल का सूखा खत्‍म करते हुए अपनी जीत दर्ज की।

टीम राजीव को मिली जीत –

यह जीत भारतीय जनता पार्टी धार के खाते में गई है। इसमें सबसे महत्‍वपूर्ण कार्य टीम राजीव को मिला था। भाजपा जिलाध्‍यक्ष राजीव यादव के लिए धार नगरपालिका चुनाव वर्चस्‍व की तरह था, जिसमें उनकी पूरी टीम काम कर रही थी।

धार नगरपालिका चुनाव का जिम्‍मा भी उनके खास समर्थक माने जाने वाले मनोज ठाकुर पर था जो चुनाव प्रभारी बनाए गए थे। इस जीत के बाद संगठन में जिलाध्‍यक्ष के तौर पर यादव का कद बढ़ा है।

हालांकि कुक्षी कांग्रेस से छीनकर संगठन को बोनस भी देने का काम देखने को मिला है। अब आखिरी परीक्षा पीथमपुर नगरपालिका की है, जहां पर 13 फरवरी को अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष के लिए मतदान होना है। पीथमपुर में चुनाव को लेकर काफी टक्‍कर देखने को मिली है।

धार को बनाएंगे नंबर एक –

नवनिर्वाचित अध्‍यक्ष नेहा बोड़ाने ने जीत के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्‍होंने कहा कि मिलकर धार के विकास के लिए काम करेंगे। यह जीत सभी मतदाताओं और पार्षदों की जीत है। हम मिलकर धार को नंबर एकबनाने के लिए प्रयास करेंगे।

बता दें कि नेहा बोड़ाने पहली बार पार्षद चुनकर आई हैं। वार्ड 2 से चुनी गई नेहा के सामने नपा में काम करने का कोई खास अनुभव नहीं है, लेकिन उन्‍होंने इस काम में अपने पति की मदद से विकास करने की बात कही है।

मयंक म्‍हाले निभाएंगे उपाध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी –

भाजपा ने इस बार युवा चेहरों को अहम जिम्‍मेदारियां सौंपी हैं इसलिए धार नगरपालिका उपाध्‍यक्ष पद पर भी युवा चेहरा ही देखने को मिलेगा। उपाध्‍यक्ष के लिए मयंक म्‍हाले को भाजपा की तरफ से अधिकृत किया गया है। उपाध्‍यक्ष चुनाव में मयंक वार्ड 25 से जीतकर आए हैं और जिलाध्‍यक्ष राजीव यादव के करीबी माने जाते हैं।

राजगढ़ में फिर कांगेस –

पिछले साल भी राजगढ़ में कांगेस की परिषद थी। इस बार भी यहां पर कांगेस ने फिर से कब्जा कर लिया है। क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक प्रताप ग्रेवाल हैं जिसका लाभ कांगेस को मिला।

भाजपा के पास 6 पार्षद व कांग्रेस के 9 पार्षद वोट थे। कांग्रेस की एकजुटता काम आई व कांग्रेस ने परिषद बना ली। यहां पर कांग्रेस की ओर से सवेरा महेश जायसवाल व भाजपा की ओर से रितु नीलेश सोनी को अधिकृत किया गया था।

कांग्रेस उम्मीदवार सवेरा को 9 वोट व भाजपा की रितु सोनी को 6 वोट मिले। ऐसे में कांग्रेस की सवेरा जायसवाल को वियजी घोषित किया गया।

धरमपुरी में निक्की जियाउल हक अध्यक्ष –

लंबे अंतराल के बाद हुए चुनाव में रविवार को धरमपुरी में नगरपालिका का अध्यक्ष कांगेस की झोली में आई। यहां पिछले बार भी कांगेस की परिषद थी। भाजपा की ओर से परिषद बनाने के लिए काफी जोर आजमाइश की गई।

अध्यक्ष पद के निर्वाचन के दौरान कांग्रेस की ओर से महिला उम्मीदवार निक्की जियाउल हक ओर भाजपा की ओर से अंशु कमलेश जायसवाल को उम्मीदवार बनाया गया था।

कांग्रेस के निक्की को 9 वोट व भाजपा के अंशु को 6 वोट मिले हैं, इस तरह से कांग्रेस उम्मीदवार को विजयी घोषित किया गया। धरमपुरी हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है।



Related