देवास में कांग्रेस का प्रभावी प्रदर्शन, पुलिस की सख्ती में कई को आई चोट


कांग्रेस का यह प्रदर्शन इस बार काफी प्रभावी नज़र आया। यहां सज्जन सिंह वर्मा, अरुण यादव, योगेश यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम स्थानीय नेताओं की मौजूदगी भी नजर आई।


DeshGaon
राजनीति Updated On :

देवास। विवादित कृषि कानूनों के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस का प्रदर्शन अब लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को कांग्रेस ने देवास में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने किसान आंदोलन के सर्मथन में रैली निकाली। यहां सैकडों कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाते नज़र आए।

इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने की कोशिश की और झड़प भी हुई। कांग्रेसियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेसियों पर बल प्रयोग किया।

इस झड़प में कुछ कार्यकर्ताओं को चोट भी आई। प्रदेश कांग्रेस के सचिव और प्रवक्ता योगेश यादव भी इस दौरान ट्रैक्टर से गिर पड़े और उन्हें पसली में चोट आई है। इसके अलावा पुलिस द्वारा किये गए लाठी चार्ज में मनीष चौधरी भी घायल हो गए।

चौधरी को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इसके बाद युवा कांग्रेस के एसपी कार्यालय का घेराव कर टीआई को निलंबित करने की मांग की। युवा कांग्रेस के प्रमुख विक्रांत भूरिया ने बताया कि सरकार किसानों का विरोध दबाने की तैयारी कर रही है और यह पूरी तरह अलोकतांत्रित है।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन इस बार काफी प्रभावी नज़र आया। यहां सज्जन सिंह वर्मा, अरुण यादव, योगेश यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम स्थानीय नेताओं की मौजूदगी भी नजर आई। जिनके साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। कांग्रेस आने वाले दिनों में लगातार इस तरह के प्रदर्शन जिला मुख्यालयों पर करने वाली है। इन प्रदर्शनों में कई बड़े नेता भी भाग लेंगे।

 

 



Related