धार जिला पंचायतः लॉटरी निकाल हुआ अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव, भाजपा के खाते में दोनों पद


धार जिला पंचायत का अध्यक्ष पद सरदार सिंह मेड़ा को मिला जबकि उपाध्यक्ष पद संगीता पटेल के खाते में गया। दोनों पदों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत के बाद भाजपा में जश्न का माहौल बन गया।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
dhar zila panchayat chunav

धार। धार जिला पंचायत के नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस व भाजपा दोनों को बहुमत नहीं मिल पाया जिसके बाद शुक्रवार को इसके लिए लॉटरी का सहारा लिया गया और इसमें ये दोनों पद भाजपा के खाते में चले गए।

धार जिला पंचायत का अध्यक्ष पद सरदार सिंह मेड़ा को मिला जबकि उपाध्यक्ष पद संगीता पटेल के खाते में गया। दोनों पदों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत के बाद भाजपा में जश्न का माहौल बन गया।

निर्वाचन स्थल से लेकर भाजपा कार्यालय तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक भाजपाइयों ने ढोल-ताशों के साथ जुलूस निकालकर सड़कों पर आतिशबाजी की है।

बता दें कि जिले में बीते तीन दिन भाजपा के लिए खुशियों भरे दिन साबित हुए हैं। जनपद चुनावों में 13 में से 10 जनपदों पर भाजपा समर्थित चुनाव जीते हैं। वहीं शुक्रवार को जिला पंचायत में भी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद भाजपा के खाते में गए है।

बहुमत नहीं जुटा पाए दोनों दल –

अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर उम्मीदवारों को बहुमत से जीत हासिल नहीं हो पाई। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल बहुमत का आंकड़ा जुटाने में सफल नहीं हो पाए। इसके बावजूद दोनों दलों ने बहुमत के साथ जीत के दावे किए थे।

यह दावे शुक्रवार को विफल हो गए। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया में दोनों दलों को समान रूप से 14-14 वोट हासिल हुए।

election by chit

इस तरह की स्थिति आने के बाद ‘डब्बे में नामों की पर्ची’ डाली गई और छोटी बच्चियों के हाथों पर्चियां निकाली गई जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सरदार सिंह मेड़ा का नाम खुला जबकि उपाध्यक्ष के लिए भाजपा की संगीता हेम सिंह पटेल की पर्ची निकली।

1 जीत से दूसरे परिणाम तक बजे ढोल –

शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से जिला निर्वाचन अधिकारी व पीठासीन अधिकारी डॉ पंकज जैन के माध्यम से जिपं अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया की गई। सुबह सबसे पहले भाजपा के सदस्यों ने निर्वाचन स्थल पर कदम बढ़ाए थे। इसके बाद कांग्रेस के प्रत्याशी पहुंचे थे।

अध्यक्ष पद की लॉटरी भाजपा की खुलने की सूचना के बाद बैरिकेड्स के बाहर मौजूद भाजपाइयों ने जय श्रीराम के नारे लगाना शुरू कर दिए। इधर कुछ कांग्रेसियों ने प्रशासन तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए।

हालांकि लॉटरी के माध्यम से किस्मत खुलने की जानकारी के बाद कांग्रेसी पीछे हो गए और भाजपाइयों ने फ्रंट संभाल लिया। ढोल-ताशे बुलवाए गए और जश्न का माहौल शुरू हो गया।

अध्यक्ष को लाद दिया फूलों से –

निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पीठासीन अधिकारी डॉ. जैन ने किस्मत के धनी उम्मीदवारों को विजेता होने के प्रमाण-पत्र दिए। इसके बाद अध्यक्ष बने सरदार मेड़ा और उपाध्यक्ष सहित सदस्य जैसे ही प्रांगण से बाहर निकले कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों से लाद दिया।

करीब आधे घंटे तक स्वागत और बधाई का दौर चलता रहा। इधर कलेक्टर परिसर से लेकर भाजपा कार्यालय तक जुलूस के रूप में कार्यकर्ता भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए निकले।

सरकार की जनहितैषी नीतियों की जीत –

केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी जनहितैषी ग्रामीण नीतियों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से हमें जीत हासिल हुई है। भाजपा के सभी निर्वाचित सदस्य जन अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देंगे। सभी विजेताओं को बधाई। – राजीव यादव, जिलाध्यक्ष भाजपा, धार

एकजुट होकर मैदान में उतरे हम –

जिले में कांग्रेस के सभी विधायकों-नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के कांग्रेस सदस्यों को जीताने के लिए काम किया है। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव कांग्रेस हारी नहीं है। भाजपा को किस्मत से जीत मिली है। हमारे लिए सुखद यह है कि कांग्रेस जिले में एकजुट हो गई है। पार्टी के सभी सदस्य एकजुट रहे। हमें पूरे 14 मत हासिल हुए हैं। कांग्रेस सदस्य जिन क्षेत्रों से निर्वाचित हुए हैं, वे अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देंगे। – बालमुकुंद सिंह गौतम, जिला कांगे्रस अध्यक्ष, धार



Related






ताज़ा खबरें