मांडू में हुए भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में सत्ता और संगठन में समन्वय विषय पर दिया गया जोर


गुटबाजी पर संगठन सख्त। मुरलीधर राव बोले- आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण दुश्मन देश दबाव में है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- यह प्रशिक्षण वर्ग प्रदेश का बहुत ही ऐतिहासिक प्रशिक्षण वर्ग रहा है।


आशीष यादव आशीष यादव
राजनीति Published On :
bjp training class

धार। भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हो गया। इस प्रशिक्षण वर्ग में 197 पदाधिकारी अपेक्षित थे जिसमें से 181 पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण वर्ग आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम माना जा रहा था क्योंकि आगामी वर्ष चुनावी वर्ष होने के कारण कई अहम फैसले इस तीन दिवसीय वर्ग में लिए गए।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में अंतिम दिन मध्य क्षेत्र संगठन मंत्री अजय जामवाल की उपस्थिति काफी महत्वपूर्ण रही जिस प्रकार से स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन और संगठन में गुटबाजी किस प्रकार से हावी हो रही है इन विषयों को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई।

साथ ही प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा छाया रहा। जामवाल ने सत्ता को नसीहत भी दी की कार्यकर्ताओं की उपेक्षा ना हो और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी लगाम लगाने का मुद्दा उठाया गया।

सत्ता और संगठन में समन्वय बनाने हेतु समय-समय पर इस तरह के आयोजन करने की बात भी कही गई। साथ ही आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को महत्व देने की बात भी कही गई।

तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि आज भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश का प्रशिक्षण वर्ग अभी संपन्न हुआ है और यह वर्ग बहुत ही ऐतिहासिक प्रशिक्षण वर्ग रहा।

यह वर्ग भारतीय जनता पार्टी के कार्य के अनुरूप संपन्न हुआ है। 197 कार्यकर्ता इसमें अपेक्षित थे जिसमें 181 कार्यकर्ता उपस्थित हुए। 16 किन्हीं कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके क्योंकि किसी का स्वास्थ्य खराब है या उज्जैन में प्रधानमंत्री जी के बड़े कार्यक्रम में व्यस्त हैं।

प्रदेश के प्रशिक्षण में नए प्रयोग किए गए। हम प्लास्टिक का उपयोग ना करें और नए प्रकार के प्रयोग भी हम वर्गों में करते हैं। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर प्रयोग किया है। यह वर्ग प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक प्रशिक्षण वर्ग हुआ है। इस वर्ग ने ‘भारत को भारत की दृष्टि से’ देखने-समझने का एक सार्थक सूत्र भी दिया है।

भाजपा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध – मुरलीधर राव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव मांडू में चल रहे प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में ‘हमारा रक्षा सामर्थ्य’ विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा हमारे लिए कितनी महत्वपूर्ण है, यह इस बात से स्पष्ट होता है कि वर्ष 2014 के पहले कांग्रेस सरकार में देश का रक्षा बजट 2 लाख 60 हजार करोड़ रहता था, जिसे मोदी सरकार ने दोगुना से भी अधिक बढ़ाकर लगभग 5 लाख 50 हजार करोड़ रुपये किया है।

उन्होंने कहा कि आज सेना के जवान इतने आत्मविश्वास से भरे हुए हैं कि दुश्मनों के घर में घुसकर उन पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं। राव ने कहा कि आज रक्षा क्षेत्र में आयात निर्भरता कम हुई है। प्रधानमंत्री जी के मेक इन इंडिया के आह्वान पर आज न सिर्फ देश में ही हथियार और सुरक्षा उपकरण बन रहे हैं बल्कि अन्य देशों को भी निर्यात किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में न सिर्फ सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, बल्कि देश के आंतरिक सुरक्षा के मामले में भी हम मजबूत हुए हैं। 2014 के पहले सीमाओं पर हमारे दुश्मन भारत पर दबाव बनाते थे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण दुश्मन देश दबाव में है। कश्मीर में धारा 370 हटाने ऐतिहासिक निर्णय होने के बाद भी कोई देश हम पर दबाव नहीं बना पाया। आज कश्मीर में गुणात्मक परिवर्तन आया है।

विषम परिस्थितियों से निकलकर विकास की यात्रा पर है मध्यप्रदेश – शिवराज सिंह चौहान

सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण की दिशा में अनेक काम हुए हैं। कांग्रेस के समय का मध्यप्रदेश और आज भाजपा के समय का मध्यप्रदेश कितना भिन्न है।

उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार वर्ष 2003 में बनी थी तब हमारे सामने कई विषम परिस्थितियां थीं। हमें बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा और कानून व्यवस्थाओं से जूझता हुआ प्रदेश मिला था, लेकिन वर्तमान समय में मध्यप्रदेश की तस्वीर बदली हुई है।

मध्यप्रदेश आज विकास की यात्रा पर है। प्रदेश सरकार आज विकास, जनकल्याण और सुराज के अनेक आयामों पर कीर्तिमान रच रही है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मांडू में चल रहे भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे सत्र ‘मध्यप्रदेश : कल, आज और कल’ को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने जहाज महल में लगाया पौधा –

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह-सुबह मांडू की सैर पर जब निकले तो एकदम सहज भाव के साथ मांडू का भ्रमण किया व मांडू का खुशनुमा मौसम देख कर उत्साहित नजर आए।

जहाज महल परिसर का अवलोकन कर पर्यावरण में पेड़-पौधो के महत्व को देखते हुए उन्होंने जहाज महल परिसर में बहेड़ा का पौधा भी लगाया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी मुरलीधरराव, कलेक्टर डॉ पंकज जैन, पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह सहित जिले के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।



Related