हरसूद पहुंचे कमलनाथ की खुली चुनौती, कहा- 2018 वाले नहीं 2030 वाले मॉडल से होगा भाजपा का मुकाबला


पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इशारों-इशारों में ही हरसूद विधायक व प्रदेश के वनमंत्री विजय शाह का नाम लिए बगैर जनता से कहा कि अब किसी से डरने की जररूत नहीं है।


DeshGaon
राजनीति Published On :
kamal nath in harsud

खंडवा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को जननायक बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर हरसूद में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच से भाजपा को खुली चुनौती दी।

कमलनाथ ने कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा का मुकाबला 2018 की जगह 2030 मॉडल वाले कमलनाथ से है। भाजपा के जो लोग जुल्म और आतंक मचा रहे है, वे समझ लें।

सब कान खोल कर सुन लें, पुलिस वाले वर्दी की इज्जत करें, कर्मचारी-अधिकारी, एसडीएम, कलेक्टर आपको ये जनता सर्टीफिकेट देगी। भाजपा की डराने और धमकाने की राजनीति अब नहीं चलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इशारों-इशारों में ही हरसूद विधायक व प्रदेश के वनमंत्री विजय शाह का नाम लिए बगैर जनता से कहा कि अब किसी से डरने की जररूत नहीं है।

पलायन की राजधानी बन गई ये जगह –

हरसूद में कांग्रेस कार्यकर्ता को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार चुनाव के पूर्व जनहित की योजनाओं की बजाय लगातार कर्ज लेकर कमीशनबाजी में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 महीने में अधिकांश ठेके सरकार में बैठे लोगों ने अपने लोगों को कमीशन के लिए दिए हैं। पहले जो हरसूद छिंदवाड़ा से बेहतर माना जाता था, वहां कुपोषण, बेरोजगारी, भ्र्ष्टाचार का बोलबाला है। यह पलायन की राजधानी बन गया है।

उन्होंने आगे कहा कि 35 साल पहले हरसूद व्यापार का बड़ा केंद्र था। हरसूद और खालवा में विकास ठप है। युवा भटक रहा है। किसान परेशान है। प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।



Related