भाजपा विधायक त्रिपाठी ने सीएम शिवराज से की पुलिस की शिकायत


पुलिस की वाहन चैकिंग कार्रवाई पर लिखी शिकायत, कहा जनता को पुलिस का डर।
– पुलिस पर अवैध वसूली करने का आरोप भी लगाया।
– लोगों को भी दी सलाह कि नियमों का पालन करें।


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के मैहर से विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पुलिस की शिकायत की है। त्रिपाठी का आरोप है कि विंध्य क्षेत्र की पुलिस वाहन चेकिंग के नाम पर लोगों को धमका रही है और पैसे वसूल रही है।

मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी का आरोप है कि विन्ध्य क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश में वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान अकसर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा चेकिंग पाइंट बनाकर जांच के नाम पर वसूली की जाती है। इससे लोगों में दहशत का वातावरण बन गया है।

मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में विधायक त्रिपाठी का कहना है कि अब लोग प्रसन्नता से घर से वाहन लेकर नहीं निकलते , क्योंकि वे जानते हैं कि यदि रास्ते में पुलिस मिल गई तो किसी न किसी बहाने चालान बना ही देगी। इस तरह के चेकिंग अभियान से लोगों में भय का माहौल बन चुका है।

उन्होंने लिखा कि हम भी चाहते हैं कि प्रदेश की पुलिस का भय अपराधियों और गड़बड़ी करने वालों में बने। बदमाशी, गुंडागर्दी करने वाले अपराधी प्रवृत्ति के लोग पुलिस से डरें। लेकिन आम जनता में पुलिस का भय न बने। उन्होंने जनता से भी अपील करते हुए कहा कि सब लोग वाहन के वैध दस्तावेज होने पर ही गाड़ी चलाएं।

उल्लेखनीय है कि विधायक त्रिपाठी भाजपा के खिलाफ अक्सर जाते रहे हैं। वे कांग्रेसी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भी करीबी बताए जाते हैं।

 



Related