प्रदेश की 19 नगरीय निकायों में जारी है मतदान, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का राघवगढ़ सबसे ज्यादा चर्चाओं में


पांच जिलों की 19 निकायों में जारी है मतदान, पांच लाख से अधिक मतदाता दे रहे हैं अपना वोट


DeshGaon
राजनीति Published On :
Photo Courtsey: Outlook India


भोपाल।  प्रदेश के 19 नगरीय निकाय चुनावों की वोटिंग शुरु हो चुकी है।  इनमें 6 नगर पालिकाओं और 13 नगर परिषदों में पार्षदों को चुनने के लिए लोग वोट कर रहे हैं। विधानसभा चुनावों से पहले पांच जिलों में हो रहे इन चुनावों को बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं कई बड़े नेताओं की साख़ भी इन चुनावों में दांव पर है। इन चुनावों में 5 लाख 7308 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

शुक्रवार को वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन सभी निकायों में मतदाताओं से वोट जरुर देने की अपील की है। सीएम शिवराज ने ट्वीट किया, “वोट डालना हमारा कर्तव्य है। सभी काम छोड़कर सबसे पहले वोट डालने जाएं। लोकतंत्र विजय हो सके इसके लिए मतदान ज़रूरी है।”

इन चुनावों में कई महत्वपूर्ण नगरीय क्षेत्रों में वोटिंग हो रही है। इनमें सबसे अहम राघौगढ़ है जो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का इलाका है। वहीं धार जिले के पीथमपुर, मनावर, धरमपुरी, कुक्षी, राजगढ़ और सरदारपुर तथा डही नगरपालिका के लिए भी वोटिंग हो रही है। इसके अलावा बड़वानी जिले की सेंधवा, पानसेमल, खेतियास पलसूद, अंजड़, और राजपुर में वोट डाले जा रहे हैं। वहीं खंडवा जिले की ओंकारेश्वर, अनपूपुर के जैतहरी नगरपालिका के लिए भी वोटिंग जारी है।

इन पांच जिलों की 19 नगरीय निकायों में कुल 343 पार्षद चुने जाने हैं। इन्हें 5 लाख 7 308 मतादाता चुन रहे हैं। इनके लिए 720 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह मतदान  शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद 23 जनवरी को सुबह 9 बजे से शुरू वोटों की गिनती होगी।

इन सबमें राघौगढ़ को सबसे अहम माना जा रहा है। जो दिग्विजय सिंह का क्षेत्र है। भाजपा, राघौगढ़ में जीत दर्ज करने के साथ दिग्विजय सिंह और उनके साथी कांग्रेसियों के मनोबल पर हमला करना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने पूरा ज़ोर लगा दिया है। गुरुवार को ही यहां मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया गए थे जिन्होंने यहां धमकी भरे अंदाज़ में कहा था कि कांग्रेसियों लौट आओ वर्ना बुल्डोज़र तैयार खड़ा है।

दरअसल दिग्विजय सिंह की राजनीतिक शुरुआत राधौगढ़ नगर पालिका से ही हुई थी। बीते 52 वर्षों से कांग्रेस के लिए वोट करता आया है। 2018 के चुनावों में राघौगढ़ में कांग्रेस के 20 पार्षद चुने गए थे और भाजपा को केवल चार पार्षद हासिल हुए थे।

 

 



Related