राहुल गांधी के समर्थन में रेल रोकने के आरोप में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया गिरफ्तार


भूरिया को झाबुआ से गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस के साथ उनके सर्मथकों की हुज्जत भी हुई।


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। राहुल गांधी के सर्मथन में पिछले दिनों युवा कांग्रेस ने भोपाल में रेल रोकने की कोशिश की थी इसे लेकर अब पुलिस सक्रिय हो गई है। कांग्रेसी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है। रविवार को युवा कांग्रेस के विक्रांत भूरिया को पुलिस ने झाबुआ से गिरफ्तार कर लिया। भोपाल पुलिस ने भूरिया को बिना अनुमति के प्रदर्शन करने और ट्रेन को रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भूरिया ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया था। साथ ही कई कार्यकर्ता पटरी पर लेट गए थे। भूरिया को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस से उनके सर्मथकों की हुज्जत भी हुई।

भोपाल पुलिस की कार्रवाई पर डॉ भूरिया ने कहा, ‘शिवराज सरकार भूल गई कि हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर के नही जो गिरफ़तारी से डर जाएंगे। हम कांग्रेसी हैं, हम लोगों ने पूरी जिंदगी जेलों में गुज़ार कर देश को आज़ाद कराया है, जेल जाने से हम न डरे हैं ना डरेंगे। युवाओं और देश के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इंक़लाब ज़िन्दाबाद।’

उधर यूथ कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, ‘भूरिया की गिरफ्तारी से हम डरने वाले नहीं। इस तानाशाह शिवराज के खिलाफ आज प्रदेशभर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।’



Related