मध्य प्रदेश में गिरेगा मावठा, बादल छटने के बाद ठंड बढ़ने की संभावना


फसल को है बेहतर ठंड की जरूरत, मावठे के बाद गिर सकता है तापमान


DeshGaon
हवा-पानी Updated On :

भोपाल। ठंड का मौसम जारी है और प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में इसका भी देखा जा रहा है। हालांकि शीत लहर अब भी वैसी नहीं है जैसी उम्मीद की जा रही थी। इसका असर खेती किसानी पर देखा जा रहा है। किसानों के मुताबिक इतनी ठंड में गेहूं की फसल अच्छी तरह नहीं पक सकती लिहाज़ा वे अच्छी शीत लहर की उम्मीद में हैं वहीं आने वाले दिनों में मावठ  गिरने की भी संभावना है। मौसम में यह बदलाव दक्षिण भारत में मेंडोस तूफ़ान के चलते हो सकता है।

मध्यप्रदेश के मौसम में उतार चढ़ाव बना हुआ है। यहां ठंड एक सी नहीं है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए हैं और आने वाले एक दो दिनों में यह बादल छ्टेंगे और बारिश होगी। इससे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी लेकिन इसके बाद ठंड फिर बढ़ेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार-मंगलवार को जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 15 दिसंबर के बीच रीवा, सागर, भोपाल, इंदौर, बड़वानी, इटारसी, दमोह, सागर, छिंदवाड़ा, उमरिया और खंडवा में बारिश होने की संभावना है।

अब तक प्रदेश में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस खरगोन जिले और 28.2 डिग्री दमोह और 28.1 खंडवा में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 5 डिग्री सेल्सियस रहा है। बारिश के बाद 14 – 15 दिसंबर तक प्रदेश में बादल छटने के बाद ठंड और कोहरा बढ़ने की सम्भावना है। यह स्थिति खेती के लिए अच्छी होगी।

पचमढ़ी के अलावा नौगांव में 5.5 डिग्री सेल्सियस, उमरिया में 6.4, रायसेन में 7.4, बैतूल-नरसिंहपुर में 7.6, दतिया में 8, खजुराहो में 8.2, ग्वालियर में 8.3, छिंदवाड़ा में 8.4, जबलपुर में 8.5, रीवा में 8.6, मंडला में 8.7, गुना में 9.2, उज्जैन में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है।