#BulliBaiApp केस की मास्टरमाइंड 18 वर्षीय श्वेता सिंह, उत्तराखंड के रूद्रपुर से मुंबई पुलिस ने पकड़ा


‘बुली बाई ऐप’ पर मुस्लिम महिलाओं की बोली लगवाने की मास्टरमाइंड 18 साल की श्वेता सिंह नाम की एक लड़की निकली। मुंबई पुलिस ने आरोपी श्वेता सिंह को उत्तराखंड के रूद्रपुर से गिरफ्तार किया है।


DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
bulli bai app case

मुंबई। ‘बुली बाई ऐप’ पर मुस्लिम महिलाओं की बोली लगवाने की मास्टरमाइंड 18 साल की श्वेता सिंह नाम की एक लड़की निकली।

मुंबई पुलिस ने आरोपी श्वेता सिंह को उत्तराखंड के रूद्रपुर से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बुधवार को उसे मुंबई लाया जाएगा।

उत्तराखंड पुलिस हेडक्वार्टर के मुताबिक आरोपी श्वेता को गिरफ्तार करने वाली मुंबई पुलिस की टीम फिलहाल रूद्रपुर में ट्रांजिट रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

दूसरी तरफ, इसी मामले में बेंगलुरु से गिरफ्तार किए गए बिहार निवासी 21 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल झा को मुंबई के बांद्रा मेट्रोपॉलिटन कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट में लगभग आधे घंटे तक दोनों पक्षों की दलील व सुनवाई के बाद उसे जज ने 10 जनवरी तक पुलिस रिमांड में भेजने का फैसला सुनाया।

मुंबई पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, श्वेता और विशाल दोनों अच्छे दोस्त हैं, जिनकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिये ही हुई थी। मुंबई पुलिस के मुताबिक दोनों नाम बदल कर सोशल मीडिया में अकाउंट चलाते थे।

मामले की मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी लड़की ‘बुली बाई’ ऐप से जुड़े तीन अकाउंट हैंडल कर रही थी। सह आरोपी विशाल कुमार ने ‘Khalsa supremacist’ के नाम से खाता खोला।

जानकारी के मुताबिक, इन्होंने सिख संगठनों के नाम से कुछ अकाउंट खोल रखे थे। साइबर सेल की टीम इन सोशल अकाउंट की जांच कर रही है।



Related