देश के 500 शहरों तक पहुंची 5G सर्विस, साकार हो रहा डिजिटल इंडिया का विजन


5G नेटवर्क का विस्तार इतनी तेजी से हो रहा है कि भारत में प्रतिदिन 5G नेटवर्क पर करीब 30 से 40 शहरों को जोड़ा जा रहा है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
5g digital india

नई दिल्ली। देश के 500 शहरों तक 5जी सर्विस पहुंच गई है। यह अपने आप में देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। पीएम मोदी ने 5जी सेवाओं का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2022 को किया था।

स्पष्ट है कि सरकार के प्रयासों और दूरसंचार कंपनियों के सहयोग से 5G के विस्तार की रफ्तार देश में तेज हो गई है। आज 5G के साथ भारत पहली बार टेलीकॉम टेक्नॉलजी में ग्लोबल स्टैंडर्ड तय कर रहा है।

गौरतलब हो केंद्र सरकार ने 31 मार्च, 2023 तक देश के 200 शहरों तक 5G सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा था, हालांकि यह सेवा अब तक देश के 900 से ज्यादा शहरों तक पहुंच चुकी है यानि देश में 5G नेटवर्क के विस्तार की रफ्तार उम्मीद से भी बेहतर हुई है।

इससे डिजिटल इंडिया का बहुत बड़ा विजन भी आगे बढ़ रहा है। इस विजन का लक्ष्य है उस टेक्नोलॉजी को आम लोगों तक पहुंचाना जो लोगों के लिए काम करे, लोगों के साथ जुड़कर काम करे।

इस क्रम में दूरसंचार कंपनियों में टॉप पर भारती एयरटेल है जिसने अपने 5G नेटवर्क का विस्तार अतिरिक्त 235 शहरों तक करके रिलायंस जियो को भी पीछे छोड़ दिया है।

इसके साथ ही देश के कुल 500 शहरों में भारती एयरटेल की 5G सर्विस उपलब्ध है, जबकि रिलायंस जियो 406 शहरों में यह सुविधा प्रदान कर रही है।

प्रतिदिन 5G नेटवर्क से जुड़ रहे हैं 30 से 40 शहर –

बताना चाहेंगे कि 5G नेटवर्क का विस्तार इतनी तेजी से हो रहा है कि भारत में प्रतिदिन 5G नेटवर्क पर करीब 30 से 40 शहरों को जोड़ा जा रहा है।

इस सम्बंध में निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा है कि भारती एयरटेल की तीव्र गति की 5G सर्विस देश के 500 शहरों के ग्राहकों को उपलब्ध है।

एयरटेल ने अपने नेटवर्क में और 235 शहरों को जोड़ा है। बयान में कहा गया है कि कंपनी प्रतिदिन 5G नेटवर्क से 30 से 40 शहर को जोड़ रही है।

2023 तक देश के पूरे शहरी क्षेत्र तक हो जाएगा 5G नेटवर्क का विस्तार –

एयरटेल में मुख्य तकनीकी अधिकारी रणदीप शेखो ने बताया कि 5G सेवाओं की पेशकश करने वाली पहली कंपनी एयरटेल थी। इस सेवा की शुरुआत अक्टूबर 2022 में की गई थी।

उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर, 2023 तक हमारे 5G नेटवर्क का विस्तार देश के पूरे शहरी क्षेत्र तक हो जाएगा। पीएम मोदी द्वारा अक्टूबर 2022 में एक नए तकनीकी युग की शुरुआत के साथ देश में 5G सेवाओं का शुभारंभ किया गया था।

आज यही सेवा हमें तकनीकी युग में आगे की यात्रा तय करने में काफी मदद कर रही है। चूंकि यह सेवा आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान शुरू की गई, इसलिए यह इसे और भी खास बनाती है।

देश में नई ऊर्जा का हो रहा संचार –

आज पीएम मोदी के प्रयासों से देश में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास प्रधानमंत्री के रूप में एक ऐसे नेता हैं, जो तकनीक को बहुत बारीकी से समझते हैं और देश के विकास के लिए बेजोड़ तरीके से उसका इस्तेमाल सुनिश्चित कर रहे हैं।

खासतौर से युवा पीढ़ी पर उनका विशेष फोकस है जो भारत को आगे लेकर जाएंगे। वहीं यह सेवा आज हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए एक वृहद अवसर खोल रहा है।

आज गांव में शहरों से ज्यादा इंटरनेट यूजर्स हो गए हैं। इसलिए 5G नेटवर्क का विस्तार कई मायनों में हमारे लिए और भी अहम हो जाता है।

आधारभूत संरचना और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की बात करें तो गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के समय से लेकर प्रधानमंत्री के डिजिटल विजन ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

महामारी के दौरान गांवों और घरों तक जब यातायात सीमित हो गया था, तब भी देश की धड़कन एक पल के लिए भी नहीं रुकी। इसका श्रेय पीएम मोदी के डिजिटल विजन को ही जाता है।

यानि देश के लिए 5G एक परिवर्तनकारी घटना साबित हुई है, जो वैश्विक मंच पर भारत के कौशल को साबित कर रही है और भारत के विकास के आधार के रूप में दूरसंचार प्रौद्योगिकी की भूमिका सुनिश्चित कर रही है।

आज भारत इसके बलबूते वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है। आने वाले वर्षों में 5G विकास और इस्तेमाल के मामलों के लिए हमें अभी और भी असीमित संभावनाएं देखेने को मिलेंगी।



Related