उत्तर प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा ने मारी बाजी तो पंजाब में चल गई आप की झाड़ू


यूपी, उत्तराखंड और मणिपुर में BJP लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है जबकि गोवा में उसने हैट्रिक जमाई है। उधर, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतते हुए अपनी झाड़ू चला दी है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
assembly elections 2022

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और भाजपा चार राज्यों में अपनी सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रही है। यूपी, उत्तराखंड और मणिपुर में वह लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है जबकि गोवा में उसने हैट्रिक जमाई है। उधर, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतते हुए अपनी झाड़ू चला दी है।

यूपी में इस चुनाव में टूटे कई मिथक –

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ सरकार को स्पष्ट बहुमत मिला है और भाजपा ने 273 सीटें हासिल की हैं। हालांकि, इस बार सीटें कम हुई हैं। भाजपा पिछली बार रिकॉर्ड 312 सीटों पर जीती थी।

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 125 सीटें जीतने में कामयाबी हासिल की है। 2017 विधानसभा चुनाव में सपा ने 48 सीटें जीती थीं।

पंजाब में चली आप की झाड़ू –

पंजाब में आप ने लोगों पर अपना जादू चलाते हुए 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल की है। 2017 के विधानसभा चुनाव में आप को सिर्फ 20 सीटें मिली थीं।

आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने धुरी विधानसभा क्षेत्र में 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। पंजाब में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस से अलग हुए पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह और कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव हार गए हैं।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हार का जिम्मा लेते हुए पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अब दिल्ली के बाद पंजाब दूसरा राज्य है, जहां आप की सरकार बनने जा रही है।

गोवा में भाजपा बनाएगी लगातार तीसरी बार सरकार –

देश के सबसे छोटे राज्य गोवा में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। यहां 40 सीटों में से उसे 20 पर जीत हासिल हुई। उसे 3 निर्दलीयों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के 2 विधायकों ने समर्थन दे दिया है।

इस तरह उसका आंकड़ा 25 हो गया है जो बहुमत से 4 ज्यादा है। वहीं राज्य में कांग्रेस केवल 11 सीटें ही जीत पाई जबकि आम आदमी पार्टी के दो उम्मीदवार जीते हैं।

हालांकि, पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने जिस अमित पालेकर को राज्य का सीएम कैंडिडेट बनाया था, वह चुनाव हार गए।

उत्तराखंड में भाजपा को स्पष्ट बहुमत लेकिन सीएम धामी हारे –

उत्तराखंड में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। हालांकि, उसे इस बार 9 सीटों का घाटा हुआ है और सीएम पुष्कर सिंह धामी भी करीब 7 हजार वोटों से चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस भी अपेक्षा के अनुरुप प्रदर्शन नहीं कर पाई। उसके सीएम पद के दावेदार हरीश रावत भी चुनाव हार गए।

मणिपुर में 34 सीटें हासिल कर भाजपा को स्पष्ट बहुमत –

मणिपुर में भाजपा दोबारा अपनी सरकार बनाने वाली है। भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए 34 सीटें जीत ली हैं। भाजपा को राज्य में 13 सीटों की बढ़त मिली है। सीएम एन. बीरेन सिंह करीब 16 हजार वोटों से जीते हैं।



Related






ताज़ा खबरें