कोलकाता में बांग्लादेश हाईकमीशन के बाहर पुलिसकर्मी ने महिला को गोली मारने के बाद ले ली खुद की भी जान

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
kolkata firing

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यहां पुलिसकर्मी की गोली से एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मार ली।

घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले में छानबीन जारी है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

नूपुर शर्मा के खिलाफ दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन, जुमे की नमाज के बाद हुई नारेबाजी

पैगंबर पर विवादित बयान देने वाली भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन किया गया। जुमे की नमाज के बाद नमाजियों ने नूपुर के विरोध में नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी हाथ में पोस्टर-बैनर लेकर विरोध कर रहे थे। प्रदर्शकारियों ने मांग की है कि नूपुर शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है।

हालांकि दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं।

शरजील इमाम की अंतरिम जमानत पर 7 जुलाई को फैसला करेगा दिल्ली हाई कोर्ट – 

2019 के देशद्रोह मामले में शरजील इमाम को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शरजील की अंतरिम जमानत याचिका पर दिल्ली कोर्ट ने आदेश 7 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया है। अदालतों में आज से छुट्टी हो गई है, इसलिए जमानत पर फैसला वेकेशन के बाद आएगा।

 

जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को पकड़ा, टारगेट किलिंग की फिराक में थे –

जम्मू-कश्मीर के सोपोर में गुरुवार शाम सुरक्षाबलों ने नागरिकों पर हमले की तैयारी कर रहे दो आतंकियों को दबोच लिया। दोनों आतंकी लश्करे-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े हैं।

दोनों के पास से दो पिस्टल और मैगजीन और पांच पिस्टल राउंड बरामद हुए हैं। आतंकियों की पहचान शोपियां के फैजान अहमद पाल और पुलवामा के मुजामिल राशिद मीर के तौर पर हुई है।

चार राज्यों की राज्यसभा की 16 सीटों पर वोटिंग आज, 41 सीटों पर निर्विरोध चुने जाएंगे उम्मीदवार –

संसद के अपर हाउस, यानी राज्यसभा की 16 सीटों पर आज चुनाव होना है। चुनाव सुबह 9 बजे से शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चलेगा।

पहले 15 राज्यों की 57 सीटों पर चुनाव होना था, लेकिन इनमें 41 मेंबर निर्विरोध चुने जाएंगे। इस तरह से अब चार राज्यों के 16 सीटों का फैसला आज होगा।

राज्यसभा चुनाव के लिए जिन चार राज्यों में चुनाव होना है, उनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, और कर्नाटक शामिल हैं।

दिल्ली के कालीन और क्रॉकरी फैक्ट्री के गोदाम में लगी भीषण आग –

दिल्ली के हमीदपुर इलाके में एक कालीन और क्रॉकरी फैक्ट्री के गोदाम में गुरुवार शाम भयंकर आग लग गई। फायर सर्विस की 23 गाड़ियां आग बुझाने का काम कर रही हैं।

दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर एसके दुआ ने बताया कि गुरुवार शाम 6.45 बजे आग लगने की सूचना मिली। ऑफिसर के मुताबिक पहले दमकल की 4 गाड़ियां भेजी गई थीं, अब यहां 23 गाड़ियां काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि आग भीषण है, जिस पर अभी काबू नहीं पाया जा सका है। इस गोदाम में कारपेट, क्रॉकरी और कई तरह का सामान हैं। यहां फायर फाइटिंग का कोई सिस्टम नहीं है, इनके पास एनओसी भी नहीं थी। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस –

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गैंगस्टर गोल्डी बरार के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। इससे पहले सीबीआई ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने को लेकर इंटरपोल को लेटर लिखा था।

बता दें कि सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली है। हालांकि, ये नोटिस सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से संबंधित नहीं है।

उत्तराखंड के नैनीताल में खाई में गिरी जीप, पांच की मौत –

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ग्राम अधौरा के पास 6 लोगों को ले जा रही एक जीप गहरी खाई में गिर गई जिसमें पांच की मौत हो गई और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया। बीते 24 घंटे में उत्तराखंड में ये दूसरी घटना है।

इससे पहले पिछले गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के घनसाली-घुट्टू इलाके में एक वाहन खाई में गिर गई थी, जिसमें पांच की मौत हो गई थी, तीन घायल हो गए थे।

बेंगलुरु में भाजपा विधायक की बेटी ने जंप किया ट्रैफिक सिग्नल –

बेंगलुरु में भाजपा विधायक अरविंद निंबावली की बेटी पर ट्रैफिक सिग्नल जंप करने और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है।

विधायक की बेटी सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू चला रही थी। उसने ट्रैफिक लाइट के रेड होने बावजूद सिग्नल जंप कर दिया। जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे रोका, तो वह उनसे बहस करने लगी।

पुलिस के मुताबिक उसने सीट बेल्ट भी नहीं पहनी हुई थी। पुलिस ने जब जुर्माना लगाया तब उसने बहस करना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस ने उसकी बीएमडब्ल्यू जब्त कर ली।



Related