टेक ऑफ करते ही स्पाइस जेट के विमान के इंजन में लगी आग, पटना एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
spice jet flight fire

नई दिल्ली। पटना एयरपोर्ट पर रविवार को टेक ऑफ के बाद स्पाइस जेट की फ्लाइट SG-725 के इंजन में आग लग गई। फ्लाइट ने सुबह 11.55 बजे पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद अफरातफरी का माहौल बन गया।

विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया है। फ्लाइट में 185 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मौके पर एंबुलेंस भी मौजूद है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस वजह से इंजन में आग लगी है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एयरपोर्ट से विमान के उड़ान भरते ही उसमें तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी जोरदार थी कि सभी सहम गए। इसके बाद आग की लपटें उठने लगी। एयरपोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

घटना के तुरंत बाद पटना के सभी बड़े अफसर एयरपोर्ट पर पहुंचे। एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि विमान के एक विंग में आग लग गई थी।

पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि ये बर्ड हिट का मामला हो सकता है, फिलहाल जांच कराई जा रही है।

देशभर में उग्र विरोध प्रदर्शन के बीच अग्निपथ योजना पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे सशस्त्र बल – 

डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी आज दोपहर 2.10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अग्निपथ भर्ती योजना से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे।

देशभर में इस योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों को देखते हुए यह तीनों सेनाओं की तरफ से संयुक्त संवाददाता सम्मेलन होगी।

अफगानिस्तान में 100 सिखों और हिंदुओं को दिया भारत का ई-वीजा, काबुल अटैक के बाद सरकार का फैसला –

भारत सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अफगानिस्तान में रह रहे सिख और हिंदुओं को ई-वीजा देने का ऐलान किया है। गृह मंत्रालय ने 100 से ज्यादा लोगों को तत्काल प्रभाव से यह वीजा दिया है। शनिवार को काबुल के कर्ते-परवान गुरुद्वारे में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।

गुरुद्वारे पर हुए हमले में गार्ड समेत दो अफगानी नागरिक मारे गए थे। इनमें एक हिंदू था। हमले में कुल 7 लोग घायल हुए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। तालिबान सुरक्षाबलों ने विस्फोटकों से भरे एक वाहन को गुरुद्वारे तक पहुंचने से रोककर बड़ा हमला टाल दिया। सभी हमलावरों को मार गिराया गया।

अन्य बड़ी खबरें…

मुंबई में 16 मंजिला इमारत में लगी आग, 14 लोगों को बचाया गया –

उत्तरी मुंबई के बोरिवली में 14 मंजिला इमारत ‘धीरज सेवरा’ में आग लग गई। 6 दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दो अपार्टमेंट्स में फंसे 14 लोगों को बचाया गया। हादसे में किसी के मरने की खबर नहीं है।

UP के मैनपुरी में भाजपा के SC नेता को गोली मारी गई, इलाज जारी –

मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया पर जानलेवा हमला हुआ है। पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने गोली मार कर घायल कर दिया।

गोली भाजपा नेता के कंधे के पास लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया। उनकी गम्भीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया है।

भारत बायोटेक की नेजल कोविड वैक्सीन का फेज 3 ट्रायल पूरा, जल्द लॉन्च होने की उम्मीद –

भारत बायोटेक की चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. कृष्णा ऐला ने शनिवार को बताया है कि कोरोना की नेजल वैक्सीन के क्लिनिकल ट्रायल का फेज 3 पूरा हो गया है और कंपनी अगले महीने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DGCA) को डेटा सब्मिट करेगी।

डॉ ऐला ने बताया कि क्लिनिकल ट्रायल पूरा होने के बाद एक डेटा एनालिसिस हो रहा है। एनालिसिस पूरा होते ही इसका डेटा DGCA को सौंप दिया जाएगा। अगर सब ठीक रहा तो हम दुनिया की पहली नेजल कोविड वैक्सीन लॉन्च कर पाएंगे।

राहुल गांधी की कार्यकर्ताओं से अपील- मेरे जन्मदिन पर जश्न न मनाएं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से रविवार को उनका जन्मदिन नहीं मनाने की अपील की है।

राहुल ने ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश के युवा परेशान हैं। हमें इस समय उनके साथ खड़ा होना चाहिए। राहुल गांधी 19 जून को 52 साल के हो जाएंगे।

LAC में बदलाव के चीन की किसी कोशिश को भारत स्वीकार नहीं करेगा: जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि चीन लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) में बदलाव के लिए प्रयास कर रहा है, लेकिन इंडिया कभी भी उसके प्रयास को स्वीकार नहीं करेगा।

जयशंकर ने कहा कि चीन ने 1993 और 1996 के समझौते का उल्लंघन किया है और बॉर्डर में भारी संख्या में अपने सैनिक तैनात कर दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि LAC में चीन एकतरफा बदलाव करना चाहता है, जोकि भारत होने नहीं देगा।

असम में बाढ़ से 9 और मौतें, आंकड़ा 55 –

असम में बाढ़ से 9 और लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 55 हो गई है। राज्य के 28 जिलों के 19 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। एक लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी।

इस बीच, होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन बच्चे लापता हो गए। 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया।

बांग्लादेश में भी बाढ़ से 25 लोगों की मौत हो गई। देश का एक तिहाई क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित है। विभिन्न शहरों में 40 लाख से अधिक लोग फंसे हुए हैं।



Related