गुजरात दंगों के मामले में साजिश रचने के आरोप में एटीएस ने तीस्ता सीतलवाड़ को हिरासत में लिया

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
teesta seetalwad

नई दिल्ली। गुजरात में 2002 में हुए दंगे के मामले में गुजरात एटीएस ने सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ और पूर्व आईपीएस अधिकारी आरबी श्रीकुमार को हिरासत में ले लिया है।

सीतलवाड़ को उनके मुंबई के घर से हिरासत में लिया गया जिसके बाद उन्हें सांताक्रूज पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। इसके बाद गुजरात एटीएस उन्हें अहमदाबाद ले जाने की तैयारी कर रही है और कल यानी रविवार को कोर्ट में पेश करेगी।

गुजरात दंगों के मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने तीस्ता सीतलवाड़, पूर्व आईपीएस संजीव भट्ट और डीजीपी आरबी श्रीकुमार के खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाकर साजिश रचने का मामला दर्ज किया है।

संजीव भट्ट पहले से जेल में हैं, जबकि तीस्ता और श्रीकुमार को अब हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात पुलिस ने तीस्ता के खिलाफ शनिवार को ही एफआईआर दर्ज की है।

धार्मिक टिप्पणी मामले में मुंबई पुलिस ने नूपुर शर्मा को दूसरी बार समन जारी किया –

मुंबई पुलिस ने भाजपा नेता नूपुर शर्मा को दूसरी बार समन जारी किया है। धार्मिक टिप्पणी के मामले में उन्हें शनिवार को मुंबई पुलिस के सामने पेश होना था, लेकिन वे पेश नहीं हुईं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें पाइधोनी थाने में पेश होने के लिए समन जारी किया है।

इससे पहले कोलकाता पुलिस ने भी नूपुर को 25 जून को दोबारा समन जारी किया था। धार्मिक टिप्पणी के खिलाफ नूपुर के खिलाफ महाराष्ट्र समेत कुल 10 राज्यों में केस दर्ज हुआ है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा के खिलाफ राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने को लेकर केस दर्ज – 

बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। अब उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह केस तेलंगाना के भाजपा नेता गुडूर नारायण रेड्डी ने करवाया है।

फिल्म डायरेक्टर के खिलाफ हैदराबाद के आबिद रोड थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत केस किया गया है। रामगोपाल वर्मा ने ट्वीट किया था-अगर द्रौपदी राष्ट्रपति हैं तो पांडव कौन हैं? और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं?

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आंतकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू – 

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आंतकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। पुलिस ने बताया कि शिरमल इलाके में सुरक्षा बलों और पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मायावती बोलीं- एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार मुर्मू को बसपा देगी अपना समर्थन – 

बसपा प्रमुख मायावती ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष ने राष्ट्रपति प्रत्याशी चुनने के लिए हुई बैठक से बसपा को अलग रखा। ये उनकी सोच को दिखाता है। हम एनडीए को नहीं, एक आदिवासी के समर्थन में मतदान करेंगे। बसपा पिछलग्गू पार्टी नहीं है।’

आज की अन्य बड़ी खबरें…

पैगंबर विवाद मामले में नूपुर शर्मा की मुंबई पुलिस के सामने आज पेशी –

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान देने के मामले में भाजपा की पूर्व नेता नूपुर शर्मा की आज मुंबई पुलिस के सामने पेशी होंगी। मुंबई पुलिस ने उन्हें 25 जून को पाइधोनी थाने में पेश होने के लिए तलब किया था।

पुलिस का यह समन नूपुर के बयान की जांच और रिकॉर्डिंग के संबंध में हैं। पुलिस ने इससे पहले रजा अकादमी की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, नूपुर शर्मा कई दिनों से लापता हैं।

कर्नाटक के बेलगावी जिले में 7 नवजातों के शव मिले –

कर्नाटक के बेलगावी जिले के मुडालागी कस्बे में 7 नवजात शिशुओं के शव नाले में मिले। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया सभी भ्रूण 5 महीने के थे और सेक्स निर्धारण के समय सबकी मौत हुई, जिसके बाद उन्हें नाले में बहा दिया गया। घटना को लेकर मुडालागी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।

परमेश्वरन अय्यर बने नीति आयोग के अध्यक्ष –

पूर्व पेयजल और स्वच्छता सचिव परमेश्वरन अय्यर को शुक्रवार को नीति आयोग का सीईओ नियुक्त किया गया है। नीति आयोग के वर्तमान सीईओ अमिताभ कांत 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके बाद अय्यर यह जिम्मेदारी संभालेंगे।अय्यर उत्तर प्रदेश कैडर के 1981 बैच के आईएएस अधिकारी और जाने-माने स्वच्छता विशेषज्ञ हैं।

राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को समर्थन के फैसले पर झामुमो की बैठक –

राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को समर्थन करने के संबंध में फैसला लेने के लिए आज झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक होगी। ऐसे में सबकी नजरें आदिवासी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर टिकी हैं।

दरअसल, झारखंड सीएम यूपीए गठबंधन का हिस्सा हैं। वहीं एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, जो आदिवासी समुदाय से आती हैं। वहीं द्रौपदी मुर्मू 6 साल तक झारखंड के राज्यपाल भी रही हैं।

मुलायम सिंह यादव की बिगड़ी तबीयत, गुरुग्राम मेदांता अस्पताल में भर्ती –

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री रुटीन चेकअप के लिए मेदांता अस्पताल गए थे, जहां उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।



Related