बिहारः जदयू ने भ्रष्टाचार के आरोप पर मांगा जवाब तो आरसीपी सिंह ने दिया पार्टी से इस्तीफा

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
rcp singh jdu

नई दिल्ली। बिहार के नेता व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने शनिवार को अपने गांव से ही जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया।

इससे पहले जदयू  ने आय से अधिक संपत्ति के संबंध में अपने ही पार्टी के नेता आरसीपी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

इस्तीफा देते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व एक आईएएस अधिकारी रहे हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

कोलकाताः इंडियन म्यूजियम में CISF जवान ने की फायरिंग, 1 की मौत व 1 घायल – 

कोलकाता के इंडियन म्यूजियम में शनिवार को सीआईएसएफ के जवान ने अपने साथियों पर फायरिंग की। इस घटना में एक की मौत और एक जवान घायल हो गया है।

सीआईएसएफ के जवान ने कथित तौर पर एके-47 राइफल से फायरिंग की है। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मामले की जांच चल रही है।

सीबीआई कोर्ट ने जज उत्तम आनंद के हत्यारों को सुनाई उम्रकैद की सजा- 

धनबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद हत्याकांड मामले में दोनों दोषियों लखन और राहुल वर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी है।

सीबीआई की विशेष अदालत ने शनिवार को सजा सुनाते हुए कहा की यह ज्यूडीशियल सिस्टम पर हमला है। साथ ही आम जनता से जुड़ा हुआ है इसलिए दोषियों को यह सजा अपनी अंतिम सांस तक काटनी होगी। साथ ही आरोपियों पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

पटना: मनेर में नाव पर खाना बनाने के दौरान हुआ गैस सिलेंडर में धमाका, पांच की मौत – 

maner cylinder blast

पटना के मनेर के रामपुर घाट पर नाव पर गैस सिलेंडर में धमाका हो गया जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई व कई लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, नाव पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में धमाका हो गया।

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

तीन साल पुराने रेप मामले में बसपा सांसद अतुल राय बरी –

उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा से बसपा सांसद अतुल राय रेप के 3 साल पुराने मुकदमे से आज बरी हो गए। इस संबंध में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सियाराम चौरसिया की अदालत ने शनिवार को अपना फैसला सुनाया।

बसपा सांसद अतुल राय के वकील अनुज यादव ने बताया कि कोर्ट ने हमारे मुवक्किल को बरी कर दिया है। बता दें कि अतुल के खिलाफ ये मुकदमा 1 मई 2019 को बलिया की रहने वाली पीड़िता ने लंका थाने में दर्ज कराया था। वो वाराणसी के यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा थी।

इंसाफ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए बीते साल अगस्त में रेप पीड़िता और उसके गवाह ने सुप्रीम कोर्ट के सामने खुद को आग लगा कर जान दे दी थी। हालांकि, इस केस में बरी होने पर भी अभी अतुल राय को जेल में ही रहना होगा।

महाराष्ट्रः मंत्री और राज्य मंत्रियों के अधिकार सचिवों को सौंपे गए –

महाराष्ट्र में नई सरकार आने के 36 दिन बाद भी कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है, जिसके चलते महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार लटकने से अब मंत्री और राज्य मंत्रियों के अधिकार सचिवों को सौंपे गए हैं।

महाराष्ट्र में मंत्री ना होने की वजह से कई विभागों के कामों पर असर पड़ रहा है। जिसकी वजह से कई काम अटके पड़े हैं। राज्य के मुख्य सचिव द्वारा इसके आदेश जारी किए गए हैं।

जम्मू-कश्मीरः उधमपुर में मिनी बस खाई में गिरी, हादसे में 8 छात्र घायल –

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मसोरा के पास बरमीन गांव से उधमपुर जा रही एक मिनी बस फिसल कर खाई में गिर गई। हादसे में 8 छात्रों के घायल होने की खबर है जिन्हें पास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 19,406 नए केस –

देश में पिछले 24 घंटे में 19,406 नए केस आए, जबकि 19,928 संक्रमित ठीक हुए और 49 मरीजों को जान गंवानी पड़ी। नए केस आने के बाद देश में एक्टिव केस 1,34,793 दर्ज किए गए।

लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा मामले दिल्ली में दर्ज किए गए। शुक्रवार को राजधानी में 2,419 नए केस मिले, 2 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 2,024 नए पॉजिटिव केस मिले, जबकि 5 मरीजों की मौत हुई।

इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी शनिवार को होने वाली दिल्ली दौरे को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।

स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किला ‘नो काइट फ्लाइंग जोन’ घोषित –

दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को लाल किले के चारों ओर पांच किलोमीटर के दायरे को नो काइट फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी शेयर की है। सुरक्षा कारणों के चलते ये आदेश 16 अगस्त तक लागू रहेगा।

ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ आपराधिक, असामाजिक, भारत विरोधी तत्व पैराग्लाइडर, पैरामोटर जैसे फ्लाइंग प्लेटफार्मों के जरिए आम जनता, गणमान्य व्यक्तियों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में खतरा पैदा कर सकते हैं।



Related