केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा, हो सकते हैं उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
mukhat abbas naqvi

नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। आज हुई कैबिनेट मीटिंग के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया। उनका राज्यसभा का कार्यकाल कल खत्म हो रहा है।

इससे पहले, कैबिनेट की मीटिंग में प्रधानमंत्री ने नकवी के कार्यकाल की तारीफ की थी। उनके इस्तीफे से अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

भारतीय तटरक्षक बल ने एमटी ग्लोबल किंग से चालक दल के सभी 22 सदस्यों को रेस्क्यू किया –

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने गुजरात के समुद्र में संकटग्रस्त व्यापारिक जहाज एमटी ग्लोबल किंग आई से चालक दल के सभी 22 सदस्यों को रेस्क्यू कर लिया।

समुद्र में 93 समुद्री मील की दूरी पर बचाव अभियान चलाने के लिए पोरबंदर से आईसीजी जहाजों और एएलएच ध्रुव को रवाना किया गया था।

आईसीजी ने यह जानकारी दी। रेस्क्यू किए गए दल में 1 पाकिस्तानी और 1 श्रीलंकाई नागरिक के साथ 20 भारतीय शामिल हैं। बचाए गए व्यक्तियों को आईसीजी जहाजों और हेलिकॉप्टरों द्वारा पोरबंदर बंदरगाह लाया जा रहा है।

पंजाबः सीएम भगवंत मान कर रहे हैं दूसरी शादी, डॉ. गुरप्रीत कौर होंगी उनकी नई दुल्हन –

पंजाब के सीएम भगवंत मान कल दूसरी शादी करने जा रहे हैं। यह शादी चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस में होगी। उनकी शादी डॉ. गुरप्रीत कौर से होगी।

भगवंत मान का 2015 में पहली पत्नी से तलाक हो गया था। जिसके बाद पत्नी अमेरिका चली गई। पहली पत्नी से सीएम मान को 2 बच्चे हैं। उनके बेटा-बेटी अमेरिका रहते हैं। वह सीएम भगवंत मान के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी आए थे।

पंजाब में अब 2 महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली –

पंजाब में मुफ्त बिजली देने का फॉर्मूला तैयार हो गया है। सरकार हर बिल पर 600 यूनिट बिजली मुफ्त देगी। इसके ऊपर शर्तों के हिसाब से छूट मिलेगी।

चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हर महीने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा किया था। जिसे एक जुलाई से लागू किया जा चुका है। हालांकि पंजाब में बिल 2 महीने बाद बनता है, इसलिए एक बिल में 2 महीने के हिसाब से 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।

कश्मीर में अग्निवीर बनने 255 युवाओं का रजिस्ट्रेशन, इनमें 70 लड़कियां –

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में अग्निपथ योजना के लिए 1 जुलाई से रजिस्ट्रेशन शुरू हुए थे। 5 जुलाई तक 255 को पहले ही रजिस्टर्ड किया जा चुका है। 255 युवाओं में से 70 लड़कियां हैं। पंजीकृत लोग पुंछ के कई सीमावर्ती क्षेत्रों से हैं। यह जानकारी दुर्गा बटालियन पुंछ ब्रिगेड के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसून सिंह ने दी।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ीं –

14 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली में अब इसकी कीमत 1053 रुपये हो गई है। 5 किलो सिलेंडर के दामों में भी 18 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ –

जम्मू- कश्मीर कुलगाम में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ हादीगाम इलाके में चल रही है। पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं।

दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल को पट्टन क्षेत्र में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का पता चला। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने IED को निष्क्रिय किया।

असम कैबिनेट ने भारतीय मुसलमानों को पहचानने का काम शुरू किया –

मंगलवार को असम कैबिनेट ने 5 मुस्लिम समुदायों को भारतीय मुसलमान का दर्जा दिया। इसमें गोड़िया, मोड़िया, जोलहा, देशी और सैयद मुस्लिम समुदाय शामिल हैं। असम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।



Related