
जालंधर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल पंजाब में चल रही है लेकिन शनिवार को यहां से एक बुरी खबर सामने आई। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे संतोख सिंह को हार्ट अटैक आया और अस्पताल ले जाते वक्त ही उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह कि मौत की खबर मिलते ही पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया गया है।
LIVE: Press briefing by @Jairam_Ramesh and @Sukhjinder_INC in Punjab. #BharatJodoYatra https://t.co/f3SgHOaoQ4
— Bharat Jodo (@bharatjodo) January 14, 2023
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार की सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी। यात्रा को सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया में पहुंचना था, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम होता। वहीं यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था। हालांकि, बीच रास्ते में ही सुबह करीब 9 बजे संतोख सिंह बेहोश होकर गिर पड़े।
आनन फानन में उन्हें एंबुलेंस से फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी धड़कन तेज हो गई।
संतोख सिंह की हालत बिगड़ते देख राहुल गांधी ने तत्काल यात्रा को रोका और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा और दूसरी गाड़ी से स्वयं भी अस्पताल पहुंचे।