महाराष्ट्रः 700 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 13 की मौत व 29 घायल


बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे जिनमें अब तक 29 लोगों को स्थानीय लोगों ने रस्सी के जरिये रेस्क्यू किया। इनमें से कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
maharashtra bus fell in gorge

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ के खोपोली इलाके में शुक्रवार की रात एक बस 700 फीट गहरी खाई में गिर गई जिसमें 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 29 लोगों के घायल होने की खबर है।

जानकारी के मुताबिक दुर्घटना का शिकार हुई बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे जिनमें अब तक 29 लोगों को स्थानीय लोगों ने रस्सी के जरिये रेस्क्यू किया। इनमें से कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बस दुर्घटना खंडाला और खोपोली के बीच पुराने नेशनल हाइवे पर शिंगरोबा घाट से उतरते समय हुई। फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है। बस पुणे से मुंबई जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक हादसे की खबर मिलते ही बोर घाट पुलिस, खोपोली पुलिस और स्थानीय लोग मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए खोपोली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बस में सवार यात्री गोरेगांव क्षेत्र के एक संगठन के थे और ये सभी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुणे गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।



Related