IRCTC शुरू करेगी “देखो अपना देश” पहल के तहत बाबा साहेब आंबेडकर यात्रा, कई स्थानों के होंगे दर्शन


ये 7 रात और 8 दिन की प्रस्तावित भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रा दिल्ली से शुरू होगी है और इसका पहला पड़ाव मध्यप्रदेश में डॉ. आंबेडकर नगर (महू) है जो बाबा साहेब की जन्मभूमि (भीम जन्म भूमि) है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
Baba Saheb Ambedkar Yatra

नई दिल्ली। आईआरसीटीसी “देखो अपना देश” पहल के अंतर्गत बाबा साहेब आंबेडकर यात्रा टूर पैकेज लेकर आया है, जिसमें डॉ. भीम राव अंबेडकर के जीवन से जुड़े कुछ प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है। बाबा साहेब आंबेडकर यात्रा की पहली यात्रा अप्रैल 2023 में नई दिल्ली से शुरू होगी।

“देखो अपना देश” पहल के तहत रेल मंत्रालय भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के साथ मिलकर पूरे भारत में कई थीम आधारित सर्किट पर भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन कर रहा है।

भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रा दिल्ली से शुरू –

ये 7 रात और 8 दिन की प्रस्तावित भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रा दिल्ली से शुरू होगी है और इसका पहला पड़ाव मध्यप्रदेश में डॉ. आंबेडकर नगर (महू) है जो बाबा साहेब की जन्मभूमि (भीम जन्म भूमि) है।

फिर ये ट्रेन नागपुर रेलवे स्टेशन तक जाती है जहां पर्यटक नवयान बौद्ध धर्म के पवित्र स्मारक–दीक्षाभूमि की यात्रा के लिए आगे बढ़ते हैं। आगे ट्रेन नागपुर से सांची के लिए रवाना होती है। सांची के दर्शनीय स्थलों में सांची के स्तूप और अन्य बौद्ध स्थलों की यात्रा शामिल है।

यात्रा में सारनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर भी शामिल –

सांची के बाद वाराणसी अगला गंतव्य है, जहां सारनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर की यात्रा भी शामिल है। अगला और अंतिम गंतव्य स्थल है – गया। वहां पर्यटकों को प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और अन्य मठों के दर्शन के लिए बोधगया के पवित्र स्थल पर ले जाया जाएगा।

अन्य महत्वपूर्ण बौद्ध स्थलों राजगीर और नालंदा को भी सड़क मार्ग से कवर किया जाएगा। ये यात्रा अंत में नई दिल्ली में समाप्त होगी। पर्यटकों के पास दिल्ली, मथुरा और आगरा कैंट स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ने/उतरने का विकल्प होगा।

आंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थलों को किया जायेगा –

डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर, जिन्हें प्यार से “बाबा साहेब” कहा जाता है, वे भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता थे। इसके अलावा वे एक प्रसिद्ध न्यायविद, राजनीतिक कार्यकर्ता, मानवविज्ञानी, लेखक, वक्ता, इतिहासकार, अर्थशास्त्री और विद्वान भी थे।

आंबेडकर ने अपने पूरे जीवन में अस्पृश्यता जैसी सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए संघर्ष किया और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए खड़े हुए। आईआरसीटीसी द्वारा डिज़ाइन की गई इस बाबा साहेब अंबेडकर यात्रा का उद्देश्य आंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थानों और स्थलों को रेखांकित करना है।

घरेलू पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा –

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की शुरुआत भारत सरकार की पहल “देखो अपना देश” के अनुरूप घरेलू पर्यटन में विशेष रुचि वाले सर्किटों को बढ़ावा देने के लिए है।

ये ट्रेन आईआरसीटीसी द्वारा संचालित की जा रही है और बाबा साहेब आंबेडकर यात्रा के सभी विवरण, और एक विशेष रुचि वाला ट्रेन पैकेज आईआरसीटीसी की वेबसाइट: https://www.irctctourism.com पर उपलब्ध है।

क्यों खास है भारत गौरव ट्रेन –

हमारा भारत विविधता से परिपूर्ण देश है और हमारा देश पौराणिक सभ्यताओं और त्योहारों एवं संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। ऐसे में “देखो अपना देश” पहल के अंतर्गत आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन की यात्रा भारत के गौरवशाली इतिहास, विरासत और विविध संस्कृति को पूरी दुनिया में और भी ज्यादा लोकप्रिय बनाने में जुटी हुई है। भारतीय रेलवे ने नवंबर 2021 में थीम आधारित भारत गौरव ट्रेन का संचालन शुरू किया था।

जानें कब शुरू हुई थी पहली गौरव ट्रेन यात्रा –

पहली भारत गौरव ट्रेन, यानि, शिरडी यात्रा पिछले साल जून में शुरू हुई थी। इसके बाद 21 जून 2022 को नई दिल्ली से आईआरसीटीसी द्वारा श्री रामायण यात्रा का शुभारंभ किया गया।

यह नेपाल (जनकपुर) में भगवान राम के महत्वपूर्ण स्‍थलों को कवर करने वाली पहली पर्यटक ट्रेन है। इसके अलावा, दिव्य काशी-आदि अमावस्या टूरिस्ट ट्रेनें और ओणम हॉलिडे स्पेशल ट्रेने भी चलाई गईं।

कर्नाटक सरकार के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग को भी भारत गौरव ट्रेन के संचालन के लिए भारतीय रेल द्वारा उनकी मांग के अनुसार एक रेक आवंटित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले साल नवंबर 2022 में बेंगलुरु से ‘कर्नाटक-भारत गौरव काशी दर्शन’ ट्रेन की पहली यात्रा की शुरूआत की गई थी।



Related