कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा, महानगरों की स्थिति चिंताजनक


ग्वालियर में 584 संक्रमित मिले हैं। यहां एक पच्चीस साल की प्रसूता महिला की मौत भी हुई है। महिला की  एक दिन पहले डिलेवरी हुई थी।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

इंदौर। प्रदेश में  कोरोना संक्रमण फिलहाल काबू में आता दिखाई नहीं दे रहा है। यहां बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। कई जिलों से बुधवार शाम तक जारी किये गए संक्रमितों के आंकड़े डराने वाले हैं। यहां एक बार फिर इंदौर में सबसे अधिक संक्रमित मिले हैं।

बुधवार को इंदौर जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गए आंकड़ों के मुताबिक यहां 1104 नए संक्रमित मिले हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब इंदौर में 1100 से अधिक संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राजधानी भोपाल में भी संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार को यहां 863 नए संक्रमित मिले हैं।

इसके अलावा ग्वालियर में 584 संक्रमित मिले हैं। यहां एक पच्चीस साल की प्रसूता महिला की मौत भी हुई है। महिला की  एक दिन पहले डिलेवरी हुई थी।

ग्वालियर में संक्रमितों का आंकड़ा अचानक बढ़ा है। पिछले दिनों यहां वैक्सीनेशन को लेकर कलेक्टर  अधिकारियों और कर्मचारियों पर खासे नाराज़ हुए थे और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होता रहा था। ऐसे में ग्वालियर में अब तक वैक्सीनेशन का काम पूरा नहीं हुआ है और संक्रमण के मामले यहां बढ़ सकते हैं।

इसके बाद जबलपुर में 277 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं सागर जिले में बुधवार को 133 संक्रमित आए हैं। यहां एक साल का बच्चा भी संक्रमण का शिकार हुआ है। तीसरी लहर में यहां दो युवाओं की जान जा चुकी है। दो दिनों पहले एक बाईस वर्षीय युवती की मौत संक्रमण से हुई थी और अब इसी उम्र के एक युवक की मौत हुई है। इन दोनों ने ही वैक्सीन का एक भी डोज़ नहीं लगवाया था।

कोरोना संक्रमण अब व्यवस्थाओं पर भी असर डाल रहा है। बुरहानपुर कलेक्टर सहित कई अधिकारी और मंत्री तथा विधायक तक इसकी चपेट में पहले ही आ चुके हैं। इसके बाद भोपाल में 48 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से एक जवान की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।



Related