बीते 24 घंटों में सामने आए 11 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले व हुईं 29 मौतें


देश में गुरुवार को 11,109 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 7,115 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 64% है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
corona again india

नई दिल्ली। देश में लगभग 8 महीने बाद कोरोना के नए मामले 11 हजार की संख्या को पार कर गए हैं और बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 11 हजार 109 मामले सामने आए हैं जबकि 29 लोगों की मौत हुई है।

सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में गुरुवार को 11,109 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 7,115 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 64% है।

आधिकारिक आंकड़ों की माने तो देश में फिलहाल एक्टिव केस बढ़कर 49 हजार 622 हो गए हैं। इससे पहले पिछले साल 5 सितंबर को 49 हजार से ज्यादा एक्टिव केस थे।

इसके अलावा डेली पॉजीटिविटी रेट 4.42% और वीकली रेट 4.02% पहुंच गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.70% है। वहीं, मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई।

केरल में सर्वाधिक 3098 नए केस मिले और 1900 लोग ठीक हुए जबकि 10 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल यहां 17,496 एक्टिव केस हैं। यहां बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

दिल्ली में गुरुवार को 1527 नए केस आए और 3 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। 909 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। यहां पॉजिटिविटी रेट 27.7% हो गया है, जबकि एक्टिव केस 3,962 हो गए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट XBB.1.16 बच्चों में गंभीर संक्रमण का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि कोविड का यह वैरिएंट खतरनाक नहीं है, यह सामान्य फ्लू की तरह है।

यह फैलने वाला है, लेकिन इससे बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। हम देख रहे हैं कि फिलहाल दिल्ली में यह ट्रेंड चल रहा है और बढ़ रहा है, लेकिन कुछ दिनों में यह वेव कम हो जाएगी।

महाराष्ट्र में गुरुवार को यहां 1086 नए केस आए वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को यहां 919 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.78% है और 5700 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा में गुरुवार को 855 नए केस सामने आए और 447 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2835 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 8.99% हो गया है। यहां भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश में बीते दिन 549 नए केस मिले और 245 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2094 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 0.97% है।



Related